सीवान के दरौंदा में डीएम की बैठक, जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
जिला अधिकारी जनप्रतिनिधि के साथ बैठक करते एवं मुखिया प्रतिनिधि अरुण सिंह अपनी मांग रखते
दरौंदा प्रखंड कार्यालय में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. जिला अधिकारी विजय कुमार मीणा ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया. इस दौरान विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
Public Grievances: दरौंदा प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में जिले के वरीय अधिकारियों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सिंपी कुमारी ने जिला पदाधिकारी विजय कुमार मीणा को बुके एवं पौधे भेंट कर उनका स्वागत किया.
आपके शहर में
समय पर कार्यालय पहुंचकर जिम्मेदारी निभाने का निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी विजय कुमार मीणा ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का ईमानदारी और तत्परता के साथ निर्वहन करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना है. पदाधिकारी आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके निराकरण की दिशा में त्वरित कार्रवाई करें.
जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर करें विकास कार्य
डीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधि लोकतंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. इसलिए पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय बनाकर क्षेत्र के विकास कार्यों को गति दें. पंचायतों से प्राप्त समस्याओं और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का भी निर्देश दिया.
झोर बोहटा नदी को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग
बैठक में जलालपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरुण सिंह ने झोर बोहटा नदी को अतिक्रमणमुक्त कराने तथा उसकी सफाई कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि नदी की सफाई और अतिक्रमण हटने से जलजमाव की समस्या से लोगों को काफी राहत मिल सकती है.
खेल मैदान और पार्क विकसित करने की मांग
करसौत पंचायत के मुखिया रामकृष्ण सिंह उर्फ काका ने पंचायत में खेल मैदान एवं पार्क विकसित करने तथा व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि इससे युवाओं और बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पंचायत का पर्यावरण भी बेहतर होगा.
वंचित क्षेत्रों में हर घर नल का जल पहुंचाने की मांग
पांडेयपुर पंचायत के मुखिया निरंजन सिंह ने पंचायत के वैसे क्षेत्रों में जल्द से जल्द हर घर नल का जल योजना का लाभ पहुंचाने की मांग की, जो अभी तक नल-जल योजना से वंचित हैं. उन्होंने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
जनप्रतिनिधियों के मुद्दों पर कार्रवाई का भरोसा
बैठक में अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया. बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई.
इस अवसर पर डीडीसी अमिताभ कुमार सिंह, एडीएम प्रमोद राम, एसडीओ अनीता सिंह, डीएसपी अमन, बीडीओ सिंपी कुमारी, सीओ वेदप्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, आरओ स्वर्णिका चंद्रा, शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए