सीवान के बड़हरिया में बिजली संकट को लेकर प्रदर्शन, दुकानदारों और महिलाओं ने स्थायी समाधान की मांग की
प्रदर्शन करते बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आक्रोशित उपभोक्ता.
सीवान के बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय में बिजली की अनियमित आपूर्ति, लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. खासकर एक माह से चल रहे इस बिजली संकट से व्यवसायों पर गहरा असर पड़ा है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है.
Transformer Burnt: बड़हरिया प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को अनियमित बिजली आपूर्ति, बार-बार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान तरवारा रोड के व्यवसायियों एवं उपभोक्ताओं ने विद्युत शक्ति उपकेंद्र बड़हरिया पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में तिवारी टोला और फल विक्रेताओं की पत्नियों समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया. इस दौरान उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की.
आपके शहर में
एक माह से बिजली संकट से परेशान उपभोक्ता
आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बताया कि करीब एक माह से उमस भरी गर्मी के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति और लो वोल्टेज के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. तरवारा रोड में बैंक ऑफ इंडिया से पेट्रोल पंप तक बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर कुछ दिन पहले ही लगाया गया था, जो शुक्रवार को जल गया. उपभोक्ताओं का आरोप है कि बार-बार ट्रांसफार्मर जलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.
बिजली कटौती से कारोबार प्रभावित
दुकानदारों ने बताया कि पिछले चार दिनों से बिजली की समस्या के कारण उनकी दुकानदारी प्रभावित हो रही है. होटल व्यवसायी सह उप मुखिया सुजीत साह ने बताया कि बार-बार बिजली कटने और लो वोल्टेज के कारण फ्रिज नहीं चल पा रहा है. इससे मिठाइयां खराब होने के कारण व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
जले ट्रांसफार्मर की जगह लगेगा नया ट्रांसफार्मर
जेई विवेक कुमार ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर के स्थान पर शनिवार को ही नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा. उन्होंने कहा कि बड़हरिया बाजार की विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए जामो चौक, थाना चौक, बीआरसी, मुर्गियां टोला समेत सात स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे.
प्रदर्शन में खालिद सिद्दीकी, दीपक कुमार, मोहम्मद साकिब, राधिका देवी, मोहम्मद फैज, सुजीत कुमार, संजीत कुमार, आसिफ जिलानी, रेहान अहमद, प्रदीप कुमार सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपभोक्ता शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए