सीवान में नर्सिंग छात्रों का हंगामा, रिजल्ट से नाराज विद्यार्थियों ने कॉलेज में की तोड़फोड़

Updated:
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर से ली गई तस्वीर

सीवान के सुभवंती स्कूल ऑफ नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के छात्रों ने रिजल्ट में कम अंक और शून्य अंक आने से नाराज होकर जमकर हंगामा किया. छात्रों ने कॉलेज में तोड़फोड़ भी की, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है. कॉलेज प्रबंधन ने मामले को विश्वविद्यालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

Nursing Students Protest: सुभवंती स्कूल ऑफ नर्सिंग कॉलेज में शनिवार को बीएससी नर्सिंग 2023 बैच के छात्र-छात्राओं ने हाल ही में जारी विश्वविद्यालय परीक्षा परिणाम को लेकर जमकर हंगामा किया. इस दौरान कैंपस में फर्नीचर, कंप्यूटर समेत अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाये जाने की बात सामने आयी है. कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, क्षतिग्रस्त सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है.

आपके शहर में

विज्ञापन

रिजल्ट में कम अंक और शून्य अंक मिलने से नाराज थे छात्र

कॉलेज की इंचार्ज प्रिंसिपल सरिता देवी ने बताया कि बीएससी नर्सिंग 2023 बैच का परीक्षा परिणाम 21 अगस्त को जारी हुआ है. परिणाम में कई विद्यार्थियों को बेहद कम अंक मिलने की जानकारी सामने आयी है. कुछ विद्यार्थियों को शून्य अंक मिलने को लेकर भी सवाल उठाये जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी ने परीक्षा में उत्तर लिखा है और इसके बावजूद उसे शून्य अंक मिले हैं, तो यह जांच का विषय है. वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. कॉलेज प्रबंधन विद्यार्थियों की समस्या को विश्वविद्यालय के सक्षम अधिकारियों के समक्ष रखेगा.

तोड़फोड़ से नहीं होगा समस्या का समाधान

कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों की नाराजगी और उनकी समस्याओं को समझा जा सकता है, लेकिन किसी भी विवाद का समाधान तोड़फोड़ अथवा शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार से नहीं हो सकता. हंगामे के दौरान छात्रों को समझाने पहुंचे शिक्षकों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किये जाने की बात भी सामने आयी है.

प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा आयोजित करने, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने और परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया विश्वविद्यालय स्तर से होती है. कॉलेज सीधे तौर पर विद्यार्थियों के अंक निर्धारित नहीं करता.

विद्यार्थियों की समस्या विश्वविद्यालय के समक्ष रखेगा कॉलेज

प्रिंसिपल सरिता देवी ने कहा कि यदि विद्यार्थियों ने उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखा है, तो नियमानुसार उन्हें उचित अंक मिलने की प्रक्रिया में कॉलेज की ओर से हर संभव सहयोग किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिकायत और उनके परिणाम से जुड़े सवालों को संबंधित विश्वविद्यालय अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा.

सुभावंती इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के डायरेक्टर सतीश कुमार राय ने छात्रों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम को लेकर उनकी चिंता, निराशा और आक्रोश को कॉलेज प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है. उन्होंने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याएं रखने की अपील की.

कई थानों की पुलिस पहुंची, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल सर्जन, एडीएम तथा मुफस्सिल, नौतन, धनौती, महादेवा नगर सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस एवं वरीय पदाधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र तत्काल मानने को तैयार नहीं थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना के दौरान हुए नुकसान और पूरे विवाद की जानकारी जुटायी जा रही है.

इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन