सीवान के मदरसों के शिक्षकों का डेटा होगा ऑनलाइन, शिक्षा विभाग ने जारी किया निर्देश

बिहार शिक्षा विभाग ने सभी गैर सरकारी, प्रस्वीकृत एवं अनुदानित मदरसों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों का पूरा विवरण ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज कराने का निर्देश जारी किया है. डेटा कलेक्शन फॉर्म के जरिए जानकारी जुटाई जाएगी और प्रत्येक कर्मी को एक विशिष्ट आईडी आवंटित की जाएगी.
सीवान. बिहार शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशक सचिन्द्र कुमार ने गैर सरकारी, प्रस्वीकृत एवं अनुदानित मदरसों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों का पूरा विवरण ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज कराने का निर्देश जारी किया है. इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
डेटा कलेक्शन फॉर्म के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सभी मदरसों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की जानकारी निर्धारित डेटा कलेक्शन फॉर्म (DCF) में संकलित कर एक्सेल शीट के माध्यम से मदरसा बोर्ड को उपलब्ध कराई जाएगी. इसके बाद संबंधित कर्मियों का डेटा ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा. प्रत्येक कर्मी को एक विशिष्ट आईडी (Unique ID) आवंटित की जाएगी.
आईडी मिलने के बाद कर्मी स्वयं भरेंगे शेष विवरण
निर्देश के अनुसार डीसीएफ के क्रमांक 1 से 26 तक की सूचनाएं संबंधित संस्थानों द्वारा निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके बाद आईडी संख्या जेनरेट होने पर क्रमांक 27 से 52 तक की जानकारियां संबंधित शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी स्वयं ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर भरेंगे. इन सभी जानकारियों का सत्यापन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) द्वारा किया जाएगा.
समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करने का दिया गया निर्देश
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. सभी आवश्यक सूचनाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पोर्टल पर डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके.
डीईओ ने शुरू कराई तैयारी
माध्यमिक शिक्षा निदेशक का पत्र मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित मदरसा प्रबंधन समितियों एवं प्रधानों को विभागीय निर्देशों से अवगत कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों का डेटा ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर सफलतापूर्वक दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










