सीवान: धमई नदी की साफ-सफाई और बांध नवीकरण की तैयारी, सहायक अभियंता ने किया निरीक्षण

Updated:
विज्ञापन

धमई नदी में लगा गंदगी का अम्बार | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

धमई नदी और क्षेत्र की अन्य नदियों की सफाई व बांधों के नवीनीकरण की योजना सारण एकत्रित योजना के तहत तैयार है. जल निस्तारण विभाग ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा कार्य.

विज्ञापन

Saran News : धमई नदी समेत क्षेत्र की अन्य नदियों की साफ-सफाई और बांधों के नवीकरण की तैयारी शुरू हो गयी है. इसी क्रम में जल निस्तारण प्रमंडल, सीवान के सहायक अभियंता सतीश कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को धमई नदी का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने नदी की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के साथ बहियारा चंवर से धमई नदी में गिरने वाली खाड़ का भी निरीक्षण किया. इस दौरान जल निस्तारण विभाग की कनीय अभियंता दिव्या भी मौजूद थीं.

विज्ञापन

सारण एकत्रित योजना के तहत होगा काम

जल निस्तारण प्रमंडल, सीवान के कार्यपालक अभियंता कुमार पवन शर्मा ने बताया कि धमई नदी समेत सीवान, सारण और गोपालगंज जिले की विभिन्न नदियों की सफाई और बांधों के नवीकरण के लिए योजना तैयार की गयी है. सारण एकत्रित योजना के तहत इन कार्यों को कराया जाना है. इसका मुख्य उद्देश्य नदियों में जल प्रवाह को सुचारु करना और जल निकासी की समस्या को दूर करना है.

योजना के तहत नदी की सफाई, जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को हटाने और जरूरत के अनुसार बांधों के नवीकरण का काम कराया जाएगा. इससे बरसात के दौरान पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है.

पुराने पुलों की भी होगी जांच

योजना के तहत धमई नदी और अन्य नदियों पर बने पुराने पुलों की स्थिति का भी निरीक्षण किया जाएगा. जो पुल अत्यधिक जर्जर और आवागमन के लिए असुरक्षित पाए जाएंगे, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्त कर नये पुल के निर्माण की योजना बनायी जाएगी.

वहीं, जिन स्थानों पर आवागमन और जल प्रवाह के लिए पुल की आवश्यकता होगी, वहां नये पुल के निर्माण पर भी विचार किया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार पुलों की स्थिति और उपयोगिता के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

टेंडर प्रक्रिया पूरी, राशि मिलते ही शुरू होगा काम

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि योजना के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यों के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. योजना में खर्च होने वाली राशि में 60 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार का होगा. राशि का आवंटन होते ही नदी की सफाई, बांधों के नवीकरण और अन्य प्रस्तावित कार्य शुरू करा दिये जाएंगे.

खाड़ और अवैध पुलिया की भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने धमई नदी की स्थिति के साथ बहियारा चंवर से खाड़ के जरिये नदी में आने वाले पानी के प्रवाह का जायजा लिया. खाड़ पर लोगों द्वारा बनायी गयी अवैध पुलिया की स्थिति भी देखी गयी. इसके अलावा नदी, बांध और पुराने पुलों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी अधिकारियों ने मौके पर ली.

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि योजना के तहत प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्र में नदी का जल प्रवाह बेहतर होगा और जल निकासी की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन