स्वर्ण व्यवसायी की हत्या के विरोध में सीवान के गुठनी में दुकानें बंद, पुलिस गश्ती और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
मुख्य बाजार में स्वर्ण दुकानों का निरीक्षण कर वार्ता करते थानाध्यक्ष
टड़वा चट्टी बाजार में स्वर्ण व्यवसायी की चाकू गोदकर हत्या के बाद गुठनी प्रखंड के स्वर्ण कारोबारियों में भारी आक्रोश है. उन्होंने दुकानें बंद कर विरोध जताया और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.
Gold Merchant Murder: टड़वा चट्टी बाजार में मंगलवार को लूट के दौरान स्वर्ण व्यवसायी दिलीप वर्मा की चाकू गोदकर हत्या के बाद क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों में आक्रोश है. घटना के विरोध में बुधवार को गुठनी प्रखंड मुख्यालय के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया. इसके बाद व्यवसायियों ने थानाध्यक्ष को आवेदन देकर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.
दिन में दो बार पुलिस गश्ती की मांग
स्वर्ण व्यवसायियों ने मुख्य बाजार में दिन में कम से कम दो बार नियमित पुलिस गश्ती कराने की मांग की. व्यवसायियों का कहना था कि हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि को देखते हुए स्वर्ण कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है. नियमित पुलिस गश्ती होने से व्यवसायियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा और आपराधिक घटनाओं पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा.
जरूरतमंद कारोबारियों को आर्म्स लाइसेंस देने की मांग
व्यवसायियों ने व्यक्तिगत और व्यावसायिक सुरक्षा का हवाला देते हुए जरूरतमंद स्वर्ण कारोबारियों को आर्म्स लाइसेंस उपलब्ध कराने की भी मांग की. उन्होंने थानाध्यक्ष से आग्रह किया कि इस मांग को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाया जाए, ताकि सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई हो सके.
थानाध्यक्ष ने स्वर्ण दुकानों का लिया जायजा
व्यवसायियों का आवेदन मिलने के बाद गुरुवार को थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार पहुंचे. उन्होंने स्वर्ण दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों से बातचीत भी की और उन्हें हरसंभव सहयोग एवं सुरक्षा का आश्वासन दिया.
हत्या की घटना से कारोबारियों में भय
टड़वा चट्टी बाजार में लूट के दौरान स्वर्ण व्यवसायी की हत्या की घटना से स्थानीय स्वर्ण कारोबारियों में भय का माहौल है. व्यवसायियों का कहना है कि स्वर्ण दुकानें आपराधिक घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील होती हैं. ऐसे में बाजार में नियमित पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाना जरूरी है.
ये व्यवसायी रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन और आवेदन देने के दौरान नरेंद्र मोहन वर्मा, दीपू वर्मा, पिंटू वर्मा, जितेंद्र वर्मा, संतोष वर्मा, बिट्टू वर्मा, अविनाश वर्मा, अरुण वर्मा समेत दर्जनों स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे. व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए