"बेटे की गला दबाकर हुई हत्या": भगवानपुर हाट में सौरभ की संदिग्ध मौत मामले में पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी, FSL टीम भी सक्रिय
मृतक का फाइल फोटो
Bhagwanpur Haat hatya: भगवानपुर हाट में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज कराई है, जिसमें गला दबाकर हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग को भी जांच के दायरे में लिया है।
Bhagwanpur Haat hatya: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के माघर पांडेय मोड़ स्थित एनएच-227ए के किनारे घर में संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार को मृत मिले युवक सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू सोनी की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक के पिता कृष्णा प्रसाद सोनी के आवेदन पर भगवानपुर हाट थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.
आपके शहर में
थाने में दिये आवेदन में कृष्णा प्रसाद सोनी ने बताया है कि 23 अगस्त की रात भोजन करने के बाद उनका पुत्र अपने कमरे में सोने चला गया था. तड़के करीब तीन बजे उनकी पत्नी सफाई करने के लिए कमरे में गयीं तो सौरभ जमीन पर गिरा मिला. उसके सिर पर चोट के निशान थे. शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया गया.
गला दबाकर हत्या की आशंका
मृतक के पिता ने आवेदन में आशंका जतायी है कि अज्ञात बदमाश घर में घुसे और उनके पुत्र की गला दबाकर हत्या कर दी. उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग भी जांच के दायरे में
घटना के दिन परिजनों ने करीब 11 धुर जमीन के पुराने विवाद को हत्या की वजह बताया था. मृतक की मां कुंती देवी ने भी पट्टीदारों पर हत्या कराने का आरोप लगाया था. वहीं, पूछताछ के दौरान यह बात भी सामने आयी थी कि मृतक एक युवती के संपर्क में था. इसी वजह से पुलिस शुरू से ही जमीन विवाद, प्रेम प्रसंग और अन्य संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखकर आगे बढ़ रही है.
मोबाइल और कमरे की टूटी कुंडी की भी जांच
घटनास्थल से मृतक का मोबाइल नहीं मिलने, गले पर दबाव के निशान, सिर पर चोट और कमरे की टूटी कुंडी जैसे तथ्यों को भी पुलिस जांच का अहम हिस्सा मान रही है. एफएसएल टीम द्वारा जुटाये गये साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है.
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गयी है. तकनीकी साक्ष्य, एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए