सीवान के बड़हरिया में विहिप-बजरंग दल की महापंचायत, थानाध्यक्ष के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
पंचायत में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते बजरंग दल के रंजन सिंह व अन्य
बड़हरिया गांव में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आयोजित महापंचायत में सरपंच की संदिग्ध मौत और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई. थानाध्यक्ष द्वारा निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है.
Vishva Hindu Parishad: विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को बड़हरिया गांव के सधुनी मठ परिसर में महापंचायत आयोजित की गयी. महापंचायत में सरपंच विनोद कुशवाहा की संदिग्ध मौत, विहिप के परमेश्वर कुशवाहा के खिलाफ दर्ज मुकदमे और चैनछपरा विवाद को लेकर चर्चा की गयी. कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में हुआ.
आपके शहर में
बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता और स्थानीय लोग
बजरंग दल के जिला संयोजक रंजन सिंह के नेतृत्व में आयोजित महापंचायत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए. भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बरती गयी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार स्वयं महापंचायत स्थल पर पहुंचे. उन्होंने मंच से संगठन के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों को संबंधित मामलों में पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी.
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
थानाध्यक्ष ने बताया कि संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गयी है. उन्होंने आश्वस्त किया कि मामलों की गहराई से जांच की जायेगी और जांच में दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
इसके बाद सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, झगरु यादव, रितेश सिंह, हरकेश चौहान और प्रमोद सिंह का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल थाना पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने थानाध्यक्ष से संबंधित सभी मुद्दों पर बातचीत की.
आश्वासन के बाद आंदोलन को दिया विराम
थानाध्यक्ष की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने संतोष जताया. इसके बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की गयी.
संगठन के नेताओं ने कहा कि निर्धारित समय के भीतर यदि अपेक्षित कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे आंदोलन का रास्ता अपनाया जायेगा.
ये लोग रहे मौजूद
महापंचायत में विहिप-बजरंग दल के जिला संयोजक रंजन सिंह, प्रांत विमर्श प्रमुख रितेश सिंह, जिला सहसंयोजक राहुल सिंह पटेल, जिला सुरक्षा प्रमुख प्रमोद सिंह, विहिप विधि प्रकोष्ठ के हरकेश चौहान, सरपंच संघ के अध्यक्ष झगरु यादव, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, गुड्डू सिंह, भारद्वाज कुशवाहा, रंजन कुमार, दीपक कुमार, सरपंच अनिल कुमार राम, नरेंद्र पर्वत, सोनू राज और आकाश कुमार सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
आयोजकों के अनुसार महापंचायत में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया. प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद कार्यक्रम का शांतिपूर्ण तरीके से समापन हुआ.
इसे भी पढ़ें: सारण: शादी के 6 महीने बाद ऐसा क्या हुआ? पहले चेन्नई में पति की मौत, फिर बंद कमरे में मिली पत्नी की लाश!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए