प्रभात खबर इंपैक्ट: HIV संक्रमित पिता-पुत्र को जांच के लिए चार घंटे बैठाने के मामले में कार्रवाई, दो लैब टेक्नीशियन का वेतन रोका
प्रभात खबर में प्रमुखता से छपी खबर | Prabhat Khabar Network
स्वास्थ्य विभाग ने HIV संक्रमित पिता-पुत्र को जांच के लिए रोके रखने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, वहीं दो लैब टेक्नीशियन का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है.
Siwan News : सदर अस्पताल में एचआइवी संक्रमित पिता-पुत्र को पैथोलॉजिकल जांच के लिए करीब चार घंटे इंतजार कराने और बिना सैंपल लिये वापस लौटाने की खबर ‘प्रभात खबर’ में प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है. सिविल सर्जन के निर्देश पर शुक्रवार को पिता-पुत्र को दोबारा बुलाकर उनका ब्लड सैंपल लिया गया. वहीं, मामले में लापरवाही को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रीनिवास प्रसाद ने सदर अस्पताल के अधीक्षक, संचारी रोग पदाधिकारी-सह-जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी समेत पांच स्वास्थ्य अधिकारियों व कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है. साथ ही दो प्रयोगशाला प्रावैधिकी का वेतन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक रोक दिया गया है. सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को 24 घंटे के अंदर अपना जवाब देने का निर्देश दिया गया है.
खबर प्रकाशित होने के बाद दोबारा लिया गया सैंपल
‘प्रभात खबर’ ने 11 सितंबर के अंक में ‘एचआइवी संक्रमित पिता-पुत्र को चार घंटे बैठाने के बाद जांच किए बिना लौटाया’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी. खबर में बताया गया था कि 10 सितंबर को एचआइवी संक्रमित पिता-पुत्र सदर अस्पताल स्थित एआरटी केंद्र पहुंचे थे.
परामर्श के बाद दोनों को पैथोलॉजिकल जांच कराने की सलाह दी गयी थी. इसके बाद दोनों जांच के लिए पहुंचे, लेकिन दोपहर करीब एक बजे से शाम पांच बजे तक सैंपल देने के लिए इंतजार करते रहे. शाम पांच बजे के बाद बिना सैंपल लिये ही उन्हें वापस भेज दिया गया था.
खबर सामने आने के बाद सिविल सर्जन कार्यालय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई शुरू की. शुक्रवार को दोनों को अस्पताल बुलाकर ब्लड सैंपल लिया गया.
तीन लैब टेक्नीशियन से मांगा गया स्पष्टीकरण
मामले में एआरटी केंद्र के प्रयोगशाला प्रावैधिकी अनुज कुमार तथा सदर अस्पताल के प्रयोगशाला प्रावैधिकी धर्मेंद्र कुमार और प्रमोद कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है. इनमें दो लैब टेक्नीशियन का वेतन तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक रोक दिया गया है.
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधितों को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. जवाब मिलने के बाद विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जायेगी.
अधीक्षक और जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी से भी जवाब तलब
सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल के अधीक्षक और संचारी रोग पदाधिकारी-सह-जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा है. विभाग ने मामले में संबंधित स्तर पर हुई लापरवाही और व्यवस्था की स्थिति को लेकर जवाब तलब किया है.
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अब संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के जवाब का इंतजार है. विभागीय स्तर पर जवाब की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए