सीतामढ़ी: 1166 बोतल शराब के साथ बाइक सवार दो तस्कर गिरफ्तार, एसएसबी ने की कार्रवाई
1166 बोतल शराब के साथ बाइक सवार दो तस्कर गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सीमा के पास से 1166 बोतल नेपाली देसी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. एसएसबी की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है.
Sursand Indo Nepal border: सीतामढ़ी जिले के सुरसंड में भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नेपाल से अवैध रूप से लाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप को एसएसबी के जवानों ने पकड़ने में सफलता हासिल की है. इस कार्रवाई के दौरान एक बाइक पर सवार दो शराब तस्करों को 1166 बोतल देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस और एसएसबी की लगातार सख्ती के बावजूद सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्कर अवैध खेप लाने की फिराक में रहते हैं.
Sitamarhi News: बॉर्डर के पिलर संख्या 305/4 के पास हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, सहसराम बीओपी (बॉर्डर आउट पोस्ट) में तैनात 51वीं बटालियन के एसएसबी जवान गुरुवार की रात इंडो-नेपाल बॉर्डर पर नियमित गश्त कर रहे थे. इसी दौरान सीमा पर स्थित पिलर संख्या 305/4 के समीप उन्हें नेपाल की ओर से एक संदिग्ध बाइक आती हुई दिखाई दी. जवानों ने जब बाइक को रोककर उसकी सघन तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई. पूछताछ में पता चला कि तस्कर नेपाल के रास्ते इस शराब को भारतीय सीमा में खपाने की तैयारी में थे.
300 एमएल की 1166 बोतलें जब्त
तलाशी अभियान के दौरान तस्करों की बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 30 एएन 4071) से 300 एमएल की कुल 1166 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई. शराब बरामद होते ही एसएसबी जवानों ने बाइक सवार दोनों युवकों को मौके पर ही धर दबोचा. गिरफ्तार तस्करों की पहचान सुरसंड थाना क्षेत्र के हरारी दुलारपुर वार्ड संख्या दो के रहने वाले सुकेश्वर मुखिया के पुत्र रूपेश मुखिया और परिहार थाना क्षेत्र के पिपरा विशनपुर वार्ड संख्या 12 निवासी तपेश्वर राय के पुत्र श्याम राय के रूप में की गई है.
आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए परिहार पुलिस को सौंपा
एसएसबी की टीम ने अपनी प्रारंभिक पूछताछ और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त की गई शराब, इस्तेमाल की गई बाइक और गिरफ्तार दोनों तस्करों को परिहार थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. परिहार थाने की पुलिस अब इन दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई में जुट गई है. सीमा पर एसएसबी की इस सघन गश्ती और त्वरित कार्रवाई से शराब का अवैध धंधा करने वाले तस्करों में हड़कंप का माहौल है.
यह भी पढ़ें... सीतामढ़ी हादसा: ई-रिक्शा ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत, तीन घंटे सड़क जाम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए