सीतामढ़ी: दहेज की वेदी पर चढ़ी एक और नवविवाहिता, बुलेट नहीं मिलने पर हत्या कर शव किया गायब
सीतामढ़ी जिले में दहेज के लालच में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मधौल गांव में एक नवविवाहिता की हत्या कर उसके शव को गायब कर दिया गया। इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
Sitamarhi crime news: सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मधौल गांव में दहेज के लालच में एक नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के उद्देश्य से ससुराल वालों ने मृतका के शव को भी गायब कर दिया. इस जघन्य वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका की पहचान बमबम कुमार की पत्नी रूबी कुमारी के रूप में हुई है.
crime news: मार्च 2026 में हुई थी शादी
इस मामले में मृतका की दादी, शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी उर्मिला देवी (पति परमेश्वर महतो) ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है. उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि इसी साल मार्च 2026 में उन्होंने अपनी पोती रूबी कुमारी की शादी बड़े ही अरमानों के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी. रूबी की शादी रून्नीसैदपुर के मधौल गांव निवासी वंशलाल महतो के पुत्र बमबम कुमार से हुई थी. लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले अपना असली रंग दिखाने लगे और दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे.
बुलेट बाइक और सोने की चेन की थी मांग
दादी उर्मिला देवी के अनुसार, ससुराल वाले लगातार दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल और दो भर सोने की चेन की मांग कर रहे थे. जब मायके वाले इस भारी-भरकम मांग को पूरा करने में असमर्थ रहे, तो ससुराल वालों ने रूबी को रास्ते से हटाने की साजिश रची. आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलकर पोती की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को कहीं दूर ले जाकर गायब कर दिया.
पति और सास-ससुर समेत 8 पर FIR दर्ज
इस जघन्य हत्याकांड को लेकर रून्नीसैदपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. दर्ज एफआईआर में मृतका के पति बमबम कुमार, ससुर बंसलाल महतो, सास लालमुनी देवी, दो भैंसुर राधे महतो व ज्ञानी महतो, देवर पंकज महतो और दोनों भैंसुर की पत्नियों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ शव की बरामदगी के लिए सघन छापेमारी और जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें...सीतामढ़ी हादसा: ई-रिक्शा ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत, तीन घंटे सड़क जाम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए