सीतामढ़ी हादसा: ई-रिक्शा ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत, तीन घंटे सड़क जाम
एन एच 22 परछहिया रोड के समीप शव को लेकर जाम करते ग्रामीन | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी जिले में एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-22 पर टायर जलाकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात ठप हो गया.
Sitamarhi road accident: सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. परछहिया पेट्रोल पंप के पास गुरुवार देर शाम एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी ई-रिक्शा चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. इस घटना के बाद मृतक के गांव में मातम छा गया है.

Sitamarhi News: दुकान बंद कर लौट रहा था घर
मृतक की पहचान कन्हौली थाना क्षेत्र के विष्णुपुर आधार गांव के वार्ड नंबर 7 निवासी विनोद महतो के 23 वर्षीय पुत्र राजकरण महतो के रूप में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक, राजकरण भारत-नेपाल सीमा पर स्थित हनुमान चौक पर इलेक्ट्रॉनिक की एक दुकान चलाता था. गुरुवार की शाम वह अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक से अकेले अपने घर विष्णुपुर आधार लौट रहा था. इसी दौरान परछहिया पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि राजकरण सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया.

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की कोशिश की. लेकिन, परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए. शुक्रवार की सुबह आक्रोशित ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने आरोपी ई-रिक्शा चालक की तुरंत गिरफ्तारी और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए एनएच-22 पर टायर जलाकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और आवागमन ठप हो गया.

पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. थानाध्यक्ष ने आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया कि फरार ई-रिक्शा चालक का जल्द पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सरकारी नियमानुसार उचित मुआवजा भी दिलाया जाएगा. पुलिस के इस आश्वासन के करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया. इस अचानक हुई मौत से मृतक की पत्नी राखी देवी और मां सरस्वती देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें... सीतामढ़ी: SSB और STF की बड़ी कार्रवाई, जाली भारतीय और नेपाली करेंसी के साथ तस्कर गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए