Sitamarhi: पूर्व सीएचसी प्रभारी की दोबारा तैनाती पर एएनएम का धरना, ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद
धरना प्रदर्शन करती एएनएम व प्रभार ग्रहण करते पूर्व सीएचसी प्रभारी
सुरसंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व प्रभारी डॉ. राम किशोर सिंह की पुनः नियुक्ति का एएनएम ने पुरजोर विरोध किया है. छह माह के बकाया वेतन, अवैध वसूली जैसे आरोपों के चलते उन्होंने ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ताला जड़ दिया, जिससे मरीजों को भारी परेशानी हुई.
Sitamarhi News: सुरसंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो माह पूर्व स्थानांतरित किए गए पूर्व प्रभारी डॉ. रामकिशोर सिंह को दोबारा सीएचसी प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद मंगलवार को एएनएम ने विरोध प्रदर्शन किया. करीब चार दर्जन एएनएम सीएचसी पहुंचीं और विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया. प्रदर्शन के दौरान ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ताला लगाए जाने से इलाज के लिए पहुंचे कई मरीजों को वापस लौटना पड़ा.
आपके शहर में
Sursand News: पूर्व प्रभारी की दोबारा तैनाती का एएनएम ने किया विरोध
डॉ. रामकिशोर सिंह ने मंगलवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. लालू कुमार से पदभार ग्रहण किया. उनके दोबारा प्रभारी बनाए जाने की जानकारी मिलते ही एएनएम ने सीएचसी परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया.
एएनएम ने तख्तियों के साथ प्रदर्शन करते हुए कहा कि वे पूर्व प्रभारी डॉ. रामकिशोर सिंह को प्रभारी के रूप में स्वीकार नहीं करेंगी. उन्होंने उनके कार्यकाल से संबंधित कई आरोप लगाते हुए विरोध जारी रखने की बात कही.
ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर जड़ा ताला, मरीज परेशान
एएनएम के प्रदर्शन के दौरान ओपीडी और रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ताला लगा दिया गया. इसके कारण सुरसंड नगर पंचायत और ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई मरीज बिना इलाज कराए वापस लौट गए.
अस्पताल में अचानक सेवाएं प्रभावित होने से मरीजों और उनके परिजनों में भी असमंजस की स्थिति बनी रही.
छह माह के बकाया वेतन भुगतान समेत कई मांगें
धरना दे रहीं एएनएम ने छह माह के बकाया वेतन का भुगतान जल्द कराने की मांग की. इसके अलावा डाटा एंट्री ऑपरेटर और प्रधान लिपिक के विरुद्ध कार्रवाई, जूम मीटिंग बंद करने, बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा एएनएम के साथ कथित दुर्व्यवहार बंद करने की मांग भी उठाई गई.
एएनएम ने इन मांगों को लेकर नारेबाजी की और तख्तियों के माध्यम से अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं.
प्रधान लिपिक पर अवैध वसूली के आरोप
एएनएम ने आरोप लगाया कि छुट्टी लेने, प्राण कार्ड, मेडिकल और वेतन से संबंधित काम कराने के लिए प्रधान लिपिक द्वारा कथित रूप से अवैध वसूली की जाती है. उन्होंने तरह-तरह की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया.
एएनएम का कहना है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के खराब रहने के कारण कथित अनियमितताओं की निगरानी नहीं हो पाती. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की.
डिलीवरी एंट्री को लेकर भी लगाया आरोप
एएनएम ने आरोप लगाया कि अस्पताल के बाहर हुए प्रसव की सीएचसी में एंट्री और भुगतान से संबंधित प्रक्रिया में भी कथित रूप से एक हजार रुपये नजराना लिया जाता है. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पूर्व प्रभारी ने आरोपों पर रखा अपना पक्ष
सीएचसी प्रभारी डॉ. रामकिशोर सिंह ने कहा कि सीएचसी के अलावा प्रखंड क्षेत्र में कुल 40 स्वास्थ्य उपकेंद्र और चार अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं. उनका कहना है कि एक भी एएनएम सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक नियमित रूप से कार्य नहीं करती है.
बकाया वेतन के संबंध में उन्होंने कहा कि आवंटन प्राप्त होते ही यथाशीघ्र भुगतान कर दिया जाएगा. पूरे मामले से सिविल सर्जन को अवगत करा दिया गया है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में जदयू ने संगठन का किया विस्तार, सूफिया तसनीम को बनाया गया नया जिला महासचिव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए