Belsand: स्वतंत्रता दिवस पर विधायक अमित कुमार रानू ने किया जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन
झंडोतोलन करते विधायक | Prabhat Khabar Network
बेलसंड में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक अमित कुमार रानू ने जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन किया. यह कार्यालय क्षेत्र के विकास को गति देने और जनता की समस्याओं को सुनने के लिए खोला गया है.
Belsand News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बेलसंड प्रखंड क्षेत्र के कोठी चौक के समीप हीरो होंडा एजेंसी के बगल में विधायक अमित कुमार रानू ने विधायक जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद विधायक ने कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. झंडोत्तोलन के बाद स्थानीय थाने के पुलिस जवानों ने विधायक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया.
जनसेवा कार्यालय से विकास को मिलेगी गति
विधायक अमित कुमार रानू ने कहा कि जनसेवा कार्यालय का उद्घाटन क्षेत्र के विकास की गति को तेज करने और लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने के उद्देश्य से किया गया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के लिए उनके कार्यालय के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे.
उन्होंने लोगों से कहा कि वे उन्हें अपने परिवार के सदस्य के रूप में समझें और अपनी जरूरत व समस्याओं की जानकारी दें. उन्होंने कहा कि अब तक उनके संज्ञान में जो भी समस्याएं आयी हैं, उन्हें विधानसभा में उठाने का काम किया है. आगे भी क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा.
डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल का किया जिक्र
विधायक ने क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि परसौनी में डिग्री कॉलेज शुरू हो चुका है. तरियानी में भी डिग्री कॉलेज खोलने के लिए प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल खोले गये हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें.
अस्पताल में डायलिसिस सुविधा और बागमती तटबंध का भी जिक्र
विधायक ने कहा कि बेलसंड अनुमंडलीय अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. इससे क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने बागमती नदी के तटबंध का जिक्र करते हुए कहा कि बांध को मजबूत किया गया है, जिससे बाढ़ के दौरान लोगों के घरों में पानी पहुंचने की समस्या कम होगी.
कई पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसडीओ कुमार आलोक, बेलसंड थानाध्यक्ष जंगो राम, तरियानी छपरा थानाध्यक्ष रंजीत गुप्ता और परसौनी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए