लालबकेया नदी में डूबी दो सगी बहनों में एक का मिला शव, दूसरी की तलाश जारी
सीतामढ़ी में लालबकेया नदी में नहाने गई दो सगी बहनों में से एक का शव बरामद हो गया है. दूसरी बच्ची की तलाश जारी है. पूरे गांव में मातम का माहौल है.
सगी दो बहनें डूबीं: सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लालबकेया नदी के जमुआ घाट पर स्नान करने के दौरान डूबी दो सगी बहनों में से एक का शव बरामद कर लिया गया है. यह दर्दनाक हादसा गत रविवार को उस वक्त हुआ था, जब जमुआ वार्ड-14 निवासी रामकरण राय की पुत्रियां 10 वर्षीय राधा कुमारी और 8 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी गांव की अन्य महिलाओं के साथ इतवार पर्व के अवसर पर नदी में स्नान करने गई थीं. नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों सगी बहनें नदी में डूब गई थीं.
Sitamarhi News: एसडीआरएफ की टीम रही थी नाकाम, ग्रामीणों ने खोजा शव
हादसे के तुरंत बाद दोनों बच्चियों की तलाश के लिए प्रशासन द्वारा एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया था. टीम ने काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद मंगलवार की सुबह पिपराही सुल्तान गांव के समीप ग्रामीणों ने लालबकेया नदी में एक बच्ची का शव तैरता हुआ देखा. ग्रामीणों ने बिना देरी किए स्थानीय बैरगनिया थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गिरी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया था. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पुलिस ने बच्ची का शव अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.
दूसरी बेटी की तलाश जारी, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक बेटी का शव मिलने के बाद परिवार वालों की आखिरी उम्मीद भी टूट गई है. दूसरी बेटी का शव अब तक बरामद नहीं होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे जमुआ गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से दूसरी बच्ची की तलाश अभी भी नदी में की जा रही है.
यह भी पढ़ें... खेत से लौट रहे किसान पर मगरमच्छ का जानलेवा हमला, दर्दनाक मौत से गांव में कोहराम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए