सीतामढ़ी में भव्य दीक्षांत परेड, बिहार पुलिस के 228 नव आरक्षी सेवा के लिए तैयार

दीक्षांत परेड समारोह में परेड प्रस्तुत करते बिहार पुलिस के नव प्रशिक्षु आरक्षी
सीतामढ़ी के एसएसबी 20वीं वाहिनी मुख्यालय में बिहार पुलिस के 228 नव प्रशिक्षुओं का दीक्षांत परेड समारोह आयोजित हुआ. प्रशिक्षुओं ने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्र सेवा की शपथ ली. पढ़ें पूरी खबर…
सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी के पकटोला स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 20वीं वाहिनी मुख्यालय परिसर में मंगलवार को बिहार पुलिस के 228 नव प्रशिक्षुओं का दीक्षांत परेड समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया. 10 माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद नव प्रशिक्षु आरक्षियों ने परेड में हिस्सा लिया और राष्ट्र सेवा की शपथ ली.
महानिरीक्षक ने ली सलामी
दीक्षांत समारोह में सीमांत मुख्यालय, एसएसबी पटना के महानिरीक्षक निशित कुमार उज्ज्वल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने परेड की सलामी ली और नव प्रशिक्षुओं का निरीक्षण किया. इसके बाद सभी प्रशिक्षुओं ने राष्ट्रध्वज और भारतीय संविधान को साक्षी मानकर सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता की शपथ ली.
शानदार प्रदर्शन ने जीता दिल
दीक्षांत परेड के दौरान प्रशिक्षुओं ने मार्च पास्ट, मास पीटी, टैटू ड्रिल, योगाभ्यास, मैट वर्क और स्नैप शूटिंग का शानदार प्रदर्शन किया. प्रशिक्षुओं के अनुशासन, समन्वय और कौशल ने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों को प्रभावित किया.
समारोह के दौरान नव प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत हैरतअंगेज करतब भी आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें खूब सराहना मिली.
उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को किया गया सम्मानित
मुख्य अतिथि निशित कुमार उज्ज्वल ने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि कठिन प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल और अनुशासन उन्हें एक जिम्मेदार और सक्षम पुलिसकर्मी बनने में मदद करेगा.
उन्होंने सभी नव आरक्षियों से राष्ट्र और समाज की सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया.
बड़ी संख्या में पहुंचे परिजन
कार्यक्रम में क्षेत्रक मुख्यालय मुजफ्फरपुर के उप महानिरीक्षक सरोज कुमार ठाकुर, 20वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट मुकेश कुमार गुर्जर, 51वीं वाहिनी के कमांडेंट संजीव कुमार सिंह, उप कमांडेंट बिरजू रजक तथा सहायक कमांडेंट सह प्रशिक्षण अधिकारी ओडेरा कारा काना सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.
समारोह में प्रशिक्षुओं के परिजन, एसएसबी कर्मी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










