शेखपुरा में छात्रा से छेड़खानी का विरोध करना पड़ा भारी, मनचलों ने चाचा को लोहे की रॉड-डंडों से पीटा
सांकेतिक तस्वीर
शेखपुरा में छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं थम नहीं रही हैं. मनचलों के विरोध में उतरे छात्रा के चाचा पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना ने स्कूली छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Sheikhpura Student Molestation : राज्य पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार की ओर से स्कूली छात्राओं को मनचलों की छेड़खानी से बचाने के लिए अभया ब्रिगेड और पुलिस दीदी जैसे जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने के बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. शेखपुरा जिला मुख्यालय स्थित मुरलीधर मुरारका बालिका विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ रास्ते में छेड़खानी का मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से अपने गांव लौट रही छात्रा का 4-5 युवक पीछा कर रहे थे. छात्रा के चाचा ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने उनकी लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

20 दिनों से छात्रा का पीछा कर रहे थे युवक
घायल संतोष ठाकुर ने बताया कि वह चाड़ें गांव के रहने वाले हैं. उनकी भतीजी शेखपुरा शहर स्थित स्कूल में साइकिल से पढ़ने आती है. संतोष ठाकुर के अनुसार, पिछले करीब 20 दिनों से कुछ युवक शहर के अरघौती पोखर से आगे निकलने के बाद छात्रा का पीछा करते हुए टाटी नदी पुल तक पहुंचते थे. इस दौरान रास्ते में उसके साथ छेड़खानी भी की जाती थी. उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन इसके बावजूद युवकों की हरकत बंद नहीं हुई.
डुमरांव स्कूल कांड में कब-क्या हुआ: छात्राओं के आरोप से लेकर तीनों शिक्षकों की गिरफ्तारी तक की पूरी कहानी
विरोध करने पर चाचा पर किया हमला
संतोष ठाकुर ने बताया कि बीती देर शाम स्कूल में छुट्टी होने के बाद छात्रा जब साइकिल से अपने गांव लौट रही थी, तब मनचले युवक फिर उसका पीछा कर रहे थे. इसकी जानकारी मिलने पर वह अपने भाई के साथ युवकों का विरोध करने के लिए आगे बढ़े.
WATCH VIDEO : बाढ़ से बिहार को कैसे मिलेगी राहत? CM सम्राट चौधरी ने अपने पहले पॉडकास्ट में बताया पूरा मास्टरप्लान, सुनिए पूरी रणनीति
इसी दौरान आरोपित युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि युवकों ने लोहे की रॉड और डंडों से उनकी जमकर पिटाई की, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए. घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाना में इसकी शिकायत की.
पुलिस की निगरानी में सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार की निगरानी में घायल संतोष ठाकुर को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है. पीड़ित का कहना है कि छात्राओं के साथ लगातार हो रही छेड़खानी के कारण अभिभावकों में भी चिंता बढ़ रही है.
छेड़खानी से परेशान होकर बच्चियों को दूसरे गांव भेज रहे लोग
संतोष ठाकुर ने बताया कि शहर के महादेव नगर और अरघौती पोखर के आसपास के रास्तों पर पढ़ने जाने वाली लड़कियों के साथ मनचलों की छेड़खानी से कई परिवार परेशान हैं. उन्होंने दावा किया कि इस स्थिति से आजिज होकर उनके गांव के अधिकांश संभ्रांत परिवार अपनी बच्चियों को पढ़ाई के लिए शेखपुरा शहर भेजने के बजाय पास के कटारी गांव भेजने को मजबूर हो रहे हैं.
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सामने आई इस घटना ने पुलिस की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है, ताकि छात्राओं के साथ रास्ते में होने वाली ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
Weather Update: पटना में बाढ़ के बीच फिर बदला मौसम, 2-3 घंटे में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, 25 जिलों में IMD का अलर्ट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए