शेखपुरा : सावन में शिवालय के सामने बह रहा गंदा पानी, श्रद्धालुओं में आक्रोश, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
नाली का पानी फैलने से आक्रोशित लोग
शेखोपुरसराय के अम्बारी गांव में शिवालय के सामने नाली का गंदा पानी बहने से श्रद्धालु परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सफाई की मांग की है।
शेखोपुरसराय. प्रखंड के अम्बारी गांव में शिवालय के सामने नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से सावन माह में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. गंदगी और जलजमाव के कारण ग्रामीणों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि यह स्थिति स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंचा रही है.
गंदे पानी से होकर मंदिर पहुंचने को मजबूर श्रद्धालु
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि वे स्नान कर पवित्र भाव से भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचती हैं, लेकिन मुख्य द्वार तक जाने के लिए उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. सावन जैसे पवित्र महीने में यह स्थिति श्रद्धालुओं के लिए बेहद कष्टदायक बनी हुई है.
15 साल पुरानी नाली जाम, सड़क पर बह रहा गंदा पानी
ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 वर्ष पहले नाली का निर्माण कराया गया था. बाद में उस पर स्लैब डाल दिया गया, लेकिन नियमित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से नाली पूरी तरह जाम हो गई. इसका परिणाम यह है कि गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और आसपास दुर्गंध तथा गंदगी का माहौल बना हुआ है. गांव का मुख्य सार्वजनिक मार्ग होने के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है.
लोहिया स्वच्छता अभियान पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोहिया स्वच्छता अभियान का लाभ धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है. उनका कहना है कि यदि समय-समय पर नालियों की सफाई होती, तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होती. कई बार शिकायत के बावजूद जनप्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे लोगों की नाराजगी बढ़ती जा रही है.
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब नाली की सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि गांव की स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी और आम लोगों का आवागमन सुगम हो सकेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










