शेखपुरा में 24 घंटे में 5 डिग्री बढ़ा पारा, 43.2°C के साथ जनजीवन त्रस्त, सड़कों पर पानी का छिड़काव, स्कूलों की टाइमिंग बदली

शेखपुरा में हीट वेव
Sheikhpura News: शेखपुरा जिले में शनिवार को अधिकतम तापमान 43.2°C डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 5 डिग्री अधिक है. भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को सुबह 10:30 बजे तक ही संचालित करने का आदेश दिया है. नगर प्रशासन द्वारा सड़कों पर स्प्रिंकल मशीन से ठंडे पानी का छिड़काव किया जा रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी राहत न मिलने की आशंका जताई है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल में विशेष लू वार्ड स्थापित कर लोगों को हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी है.
Sheikhpura News(सत्येंद्र कुमार): शेखपुरा जिले में कुदरत का कहर बनकर टूट रही भीषण गर्मी और लू ने पिछले 24 घंटे के भीतर रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है. शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर जाते हुए 43.2°C के पार दर्ज किया गया, जबकि सुबह के समय न्यूनतम तापमान 26.3°C था. मात्र एक दिन के भीतर तापमान में करीब 5 डिग्री की भारी बढ़ोतरी होने से पूरा जिला भट्टी की तरह तप रहा है. पिछले एक सप्ताह से जारी इस जानलेवा गर्मी के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है.
प्रशासन का बड़ा फैसला: सुबह 10:30 बजे तक ही चलेंगे स्कूल और आंगनबाड़ी
नौनिहालों और छात्रों को इस जानलेवा लू से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने त्वरित और बड़ा कदम उठाया है. जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पठन-पाठन का संचालन अब सुबह 10:30 बजे तक ही करने का सख्त आदेश दिया गया है. 10:30 बजे के बाद बच्चों को किसी भी सूरत में स्कूल में नहीं रोका जाएगा.
सड़कों पर उतरीं स्प्रिंकल मशीनें, बाजारों में पसरा सन्नाटा
तेज धूप के साथ चल रही पुरवइया हवा (पूर्वी हवा) ने उमस को इस कदर बढ़ा दिया है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है. भीषण तपन को देखते हुए नगर प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों और मुख्य सड़कों पर अत्याधुनिक स्प्रिंकल मशीनों से ठंडे पानी का लगातार छिड़काव किया जा रहा है, ताकि उड़ती धूल और सड़कों की तपन से राहगीरों को थोड़ी राहत मिल सके. दोपहर होते ही जिले के विभिन्न मुख्य मार्ग, चौक-चौराहे और व्यावसायिक बाजार पूरी तरह वीरान हो जा रहे हैं. ग्रामीण इलाकों (गांव-देहात) में बिजली की किल्लत और उमस से परेशान लोग दोपहर काटते के लिए जहां-तहां बड़े पेड़ों की छांव के नीचे शरण लेने को मजबूर हैं.
मौसम विभाग की चेतावनी: अभी नहीं मिलेगी राहत; स्वास्थ्य विभाग ने जारी की गाइडलाइन
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में किसी खास गिरावट या बदलाव की कोई भविष्यवाणी नहीं की गई है. गर्मी का यह सितम इसी प्रकार बरकरार रहेगा. हालात को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से आम लोगों के लिए विशेष हेल्थ एडवाइजरी जारी की है. लोगों को सख्त सलाह दी गई है कि दोपहर के समय बिना किसी बेहद जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें. घर के बड़े-बुजुर्गों और बच्चों को सीधे धूप के संपर्क में आने से बचाएं और उन्हें लगातार हाइड्रेटेड रखें (समय-समय पर शुद्ध पेयजल, ओआरएस या नींबू पानी का सेवन कराते रहें). इस मौसम में धूम्रपान, नशीले पदार्थों और शराब के सेवन से पूरी तरह दूर रहें. हमेशा शुद्ध, सुपाच्य और ताजा बना भोजन ही ग्रहण करें.
सदर अस्पताल में अलर्ट: विशेष ‘लू वार्ड’ हुआ एक्टिव
यदि कोई व्यक्ति अनजाने में भीषण गर्मी या लू की चपेट में आ जाता है, तो उसे तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या सीधे जिला सदर अस्पताल पहुंचने की अपील की गई है. सिविल सर्जन के निर्देश पर सदर अस्पताल में लू से पीड़ित मरीजों के त्वरित और बेहतर इलाज के लिए दवाइयों और आवश्यक संसाधनों से लैस एक विशेष ‘लू वार्ड’ को पहले ही एक्टिव कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम चौबीसों घंटे तैनात है.
इसे भी पढ़ें: कमांड देते ही हरा गमछा वालों को पकड़ लेगा AI, सीएम सम्राट बोले- पुलिस को कार्रवाई की खुली छूट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










