जन शिकायतों पर सरकार गंभीर, गांव में ही होगा समस्याओं का समाधान, प्रभारी मंत्री का अधिकारियों को स्पष्ट संदेश
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता की तस्वीर
Sheikhpura News : अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं, गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा प्रशासन. समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से क्या अपील की पूरी खबर नीचे पढ़िए.
Sheikhpura News : बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री सह नालंदा जिले की प्रभारी मंत्री रेवता गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गांव-गांव पहुंचकर सहयोग शिविर आयोजित कर रही है. इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जा रहा है. प्रभारी मंत्री सोमवार को जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण करने पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का निष्पादन 60 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को स्वयं जवाबदेह होना पड़ेगा.
गांव-गांव लग रहे सहयोग शिविर, मौके पर सुलझ रहीं लोगों की समस्याएं
मंत्री ने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है. सरकार की नई पहल के तहत प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंच रहा है. सहयोग शिविरों में राजस्व, भूमि, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर में लोगों की जांच, कार्ड सत्यापन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं. जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया है.
आम लोगों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ, शिकायतों का हो त्वरित निवारण : प्रभारी मंत्री
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले तथा उनकी शिकायतों का त्वरित निवारण हो. इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है. जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं. शिविर में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की लगातार निगरानी की जा रही है. इस अवसर पर विभागीय सचिव, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने पर सरकार का विशेष जोर
अधिकारियों ने लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया. प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है. सहयोग शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद और विश्वास मजबूत हो रहा है.
Also Read : नालंदा की खेती में बड़ा बदलाव, ज्वार-बाजरा से दूरी बढ़ी, धान-गेहूं बना किसानों की पहली पसंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










