शेखपुरा में स्काउट-गाइड का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, छात्रों को सिखाए जा रहे नेतृत्व और सेवा के गुर

Updated:
विज्ञापन
स्काउट एवं गाइड के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेती छात्राएं. | Prabhat Khabar Network

स्काउट एवं गाइड के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेती छात्राएं | Prabhat Khabar Network

शेखपुरा में बिहार राज्य भारत स्काउट एवं गाइड का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है. इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नेतृत्व, सेवा और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सिखाए जा रहे हैं. जिला मुख्य आयुक्त ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन किया.

विज्ञापन

Sheikhpura News : आपदा में अवसर तलाशने की कला, सेवा का संस्कार और नेतृत्व का विकास- इन्हीं उद्देश्यों को आत्मसात कराते हुए बिहार राज्य भारत स्काउट एवं गाइड का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शेखपुरा जिले के चेवाड़ा प्रखंड के पीएम श्री प्लस टू परियोजना बालिका उच्च विद्यालय करंडे, उत्क्रमित उच्च विद्यालय कपासी एवं मध्य विद्यालय चेवाड़ा में संचालित किया जा रहा है.

भारत स्काउट एवं गाइड के निर्देशानुसार आयोजित इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण में छात्र-छात्राओं को प्रथम सोपान एवं द्वितीय सोपान का महत्वपूर्ण गुर सिखाया जा रहा है.

मिला आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर

इस विशेष प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला मुख्य आयुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन एवं विभिन्न गतिविधियों का गहनता से अवलोकन किया. उनके विद्यालय परिसर पहुंचते ही स्काउट के जिला संगठन आयुक्त मनीष कुमार के नेतृत्व में प्रशिक्षु स्काउट-गाइड कैडेटों ने आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर उनका भव्य स्वागत किया.

इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर स्काउट-गाइड के जोश और उत्साह से गूंज उठा. छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर 'हर्ष-हर्ष, जय-जय हो' तथा 'बरसा फूलों की' जैसे गगनभेदी स्वागत नारों से ऐसा मनमोहक वातावरण बनाया कि पूरा परिसर देशभक्ति और अनुशासन की भावना से सराबोर हो गया.

स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन

इसके उपरांत विद्यालय सभागार में प्रशिक्षु स्काउट-गाइड छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत एवं विभिन्न प्रकार की स्काउट तालियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया.

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजली कुमारी ने अंगवस्त्र भेंट कर जिला मुख्य आयुक्त का ससम्मान स्वागत किया तथा अपने विशेष स्वागत भाषण के माध्यम से विद्यालय में संचालित विभिन्न स्काउट-गाइड गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी.

स्काउट-गाइड मात्र प्रशिक्षण नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है: जिला मुख्य आयुक्त वीरेंद्र कुमार

अपने प्रेरणादायी संबोधन में जिला मुख्य आयुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक साधारण प्रशिक्षण नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक बेहतरीन कला है. यह बच्चों में गहरी अनुशासन भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना, आपदा प्रबंधन कौशल और राष्ट्रप्रेम का विकास करता है. उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से इस सीख को अपने व्यावहारिक जीवन में उतारने का आह्वान करते हुए उन्हें देश का स्वर्णिम भविष्य बताया.

प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को आपदा में अवसर, प्राथमिक उपचार, गांठें एवं बंधन, ध्वज शिष्टाचार, टीम भावना, सेवा कार्य, अनुशासन, नेतृत्व विकास तथा व्यक्तित्व निर्माण सहित स्काउटिंग-गाइडिंग के विविध आयामों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

विद्यालय के कई शिक्षक-शिक्षिकाएं रहे मौजूद

इस गरिमामयी कार्यक्रम के अंत में मिस अनुष्का ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं पूरे विद्यालय परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया. इस विशेष अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अभिषेक कुमार, सत्येंद्र कुमार, सोनू कुमार, कुंदन कुमार, अनुष्का कुमारी, मुकेश, रजनीश कुमार, जयकिशन कुमार, निखिल राज, विक्रम कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य एवं भारी संख्या में प्रशिक्षु स्काउट-गाइड छात्र-छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

Also Read : गया जी : बिजली चोरी करते पकड़े गए दो उपभोक्ता, हजारों रुपये का जुर्माना और FIR दर्ज


विज्ञापन
Satyendra Kumar

लेखक के बारे में

By Satyendra Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन