प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने का विरोध, शेखपुरा में एबीवीपी ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

रामाधीन कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते एबीवीपी के कार्यकर्ता
Sheikhpura News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मुंगेर विश्वविद्यालय के स्नातक प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्र को रामाधीन महाविद्यालय से 35 किलोमीटर दूर सिकंदरा बनाए जाने का विरोध किया है। छात्र नेताओं ने छात्र हित में केंद्र को वापस रामाधीन महाविद्यालय में ही निर्धारित करने की मांग की है।
Sheikhpura News : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की शेखपुरा इकाई ने रामाधीन महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर मुंगेर विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्नातक सत्र 2023-27 एवं 2024-28 की प्रैक्टिकल परीक्षा का केंद्र दूर बनाए जाने का विरोध जताया. छात्र नेताओं ने परीक्षा केंद्र को छात्र हित में पुनः रामाधीन महाविद्यालय में ही निर्धारित करने की मांग की.
सिकंदरा में परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर जताई आपत्ति
ज्ञापन में छात्र नेताओं ने बताया कि हाल ही में स्नातक की थ्योरी परीक्षाएं संपन्न हुई हैं और अब प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है. लेकिन रामाधीन महाविद्यालय सहित शेखपुरा जिले के सभी महाविद्यालयों का प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्र सिकंदरा स्थित धनराज सिंह महाविद्यालय बनाया गया है. यह केंद्र रामाधीन महाविद्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर है.
दूरदराज के छात्रों को होगी परेशानी
छात्र नेताओं ने कहा कि महाविद्यालय में नामांकित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ग्रामीण क्षेत्रों से 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय कर कॉलेज पहुंचते हैं. ऐसे में परीक्षा केंद्र 35 किलोमीटर दूर होने से विद्यार्थियों को आर्थिक, शारीरिक और समय संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
पहले रामाधीन महाविद्यालय में ही बनता था परीक्षा केंद्र
एबीवीपी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से जिले के सभी महाविद्यालयों का प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्र रामाधीन महाविद्यालय में ही बनाया जाता रहा है. इस बार बिना किसी स्पष्ट कारण के परीक्षा केंद्र बदल दिए जाने से विद्यार्थियों में असंतोष है.
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
छात्र प्रतिनिधियों ने प्राचार्य से छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए मुंगेर विश्वविद्यालय से पत्राचार कर रामाधीन महाविद्यालय को पुनः परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.
कई छात्र नेता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान एबीवीपी के नगर मंत्री बबन राय, कॉलेज मंत्री अंशु राज, छात्र जदयू के ओंकार कुमार, आशीष कुमार, हर्ष कुमार, नीतीश कुमार सहित कई छात्र और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read : सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभुकों के खातों में भेजी गई, जिले के 65 हजार से अधिक लोगों को मिला लाभ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










