शेखपुरा में BSNL सेवाएं ठप: मुख्य एक्सचेंज पर गिरा ठनका, जानिए कब तक आएगी सेवा?
शेखपुरा में BSNL सेवाएं ठप (Ai जेनरेटेड इमेज)
Sheikhpura BSNL Service : शेखपुरा में वज्रपात ने BSNL को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे ब्रॉडबैंड, मोबाइल और लैंडलाइन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। लाखों रुपये के उपकरणों के खराब होने की आशंका है।
Sheikhpura BSNL Service : शेखपुरा में गुरुवार की शाम हुई झमाझम बारिश से जहां खेती-किसानी से जुड़े लोगों को राहत मिली, वहीं मौसम भी सुहावना हो गया. इसी दौरान हुए वज्रपात ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) को बड़ा नुकसान पहुंचाया. जिला मुख्यालय स्थित BSNL के मुख्य एक्सचेंज भवन पर आकाशीय बिजली गिरने से कई दूरसंचार सेवाएं प्रभावित हो गईं.
ब्रॉडबैंड से लेकर लैंडलाइन तक सेवाएं प्रभावित
BSNL अभियंता रवींद्र कुमार के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरने से ब्रॉडबैंड, मोबाइल और लैंडलाइन सेवाओं के साथ-साथ बैंकों को उपलब्ध कराई जाने वाली लीज लाइन पर भी असर पड़ा. घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में अभियंता और कर्मचारी तकनीकी खराबी को दूर करने में जुट गए.
देर रात तक मुख्य एक्सचेंज की सेवाएं बहाल
अभियंताओं और कर्मचारियों की लगातार कोशिश के बाद गुरुवार देर रात तक जिला मुख्यालय स्थित मुख्य एक्सचेंज से BSNL की लगभग सभी सेवाएं बहाल कर ली गईं. हालांकि ग्रामीण इलाकों में संचालित कुछ BTS को पूरी तरह चालू करने का काम बाकी था.
मेहुश, कटारी और हथियावां के BTS प्रभावित
वज्रपात के कारण मेहुश, कटारी और हथियावां समेत कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित BTS प्रभावित हुए हैं. वहीं जिले के अन्य BTS को वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए सुचारू किया गया. इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार 2G और कुछ जगहों पर 4G सेवा चालू की गई.
शुक्रवार को भी जारी रहा मरम्मत का काम
BSNL की तकनीकी टीम शुक्रवार को भी खराब उपकरणों और नेटवर्क व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी रही. अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर शाम तक जिले में BSNL की सभी सेवाओं को पूरी तरह सुचारू करने का लक्ष्य रखा गया है.
बाहर से मंगाए जा रहे खराब उपकरण
वज्रपात से BSNL को भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ है. बड़ी संख्या में उपकरण आकाशीय बिजली की चपेट में आकर खराब हुए हैं. खराब उपकरणों को बाहर से मंगाकर नेटवर्क व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने की प्रक्रिया चल रही है.
उपभोक्ताओं से जताया खेद
BSNL अभियंता ने आपदा के कारण उपभोक्ताओं को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है. विभाग की तकनीकी टीमें प्रभावित सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटी हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए