शेखपुरा में आंगनबाड़ी केंद्रों की बदहाली पर डीएम सख्त, बंद केंद्रों पर होगी कार्रवाई, 86 में पेयजल की व्यवस्था
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते डीएम शेखर आनंद
Sheikhpura Anganwadi Centre : शेखपुरा के डीएम शेखर आनंद ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. नियमों का पालन न करने वाले और बंद पाए जाने वाले केंद्रों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
Sheikhpura Anganwadi Centre : शेखपुरा में समाज कल्याण विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम शेखर आनंद ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण और संचालन को लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि केंद्रों के संचालन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का पालन नहीं करने वाले या बंद पाए जाने वाले केंद्रों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
निर्माण में आ रही समस्याओं को समन्वय से दूर करने का निर्देश
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की गई. डीएम ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में आने वाली बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया. नाबार्ड के तहत चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों पर सोमवार तक हर हाल में निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा गया.
अतिक्रमण वाले भवनों को खाली कराने का निर्देश
डीएम ने अतिक्रमण वाले पंचायत और सामुदायिक भवनों को खाली कराने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भवनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को वहां शिफ्ट किया जाए, ताकि केंद्रों के संचालन के लिए बेहतर बुनियादी सुविधा उपलब्ध हो सके.
औचक जांच में मिली शिकायतों के बाद कार्रवाई के निर्देश
जिला स्तरीय पदाधिकारियों की ओर से हाल में किए गए आंगनबाड़ी केंद्रों के औचक निरीक्षण के दौरान संचालन को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं. इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी केंद्रों के संचालन में तत्काल सुधार करने की हिदायत दी.
बंद केंद्रों को चिन्हित कर होगी दंडात्मक कार्रवाई
डीएम ने जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नियमों के अनुरूप काम नहीं करने वाले और जांच के दौरान बंद पाए जाने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को चिन्हित किया जाए. ऐसे केंद्रों से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अविलंब दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
86 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था प्राथमिकता में
बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए जिले के 86 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. डीएम ने लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के अधिकारियों को इन केंद्रों पर पेयजल से जुड़े कार्य को जल्द पूरा करने का सख्त निर्देश दिया.
शौचालय विहीन केंद्रों में तत्काल शुरू होगा निर्माण
डीएम ने आईसीडीएस विभाग को जिले के शौचालय विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों की पहचान कर वहां तत्काल शौचालय निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया. उन्होंने केंद्रों पर बच्चों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को निर्देश
वर्तमान में चल रहे राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने के लिए जिले के सभी प्रशासनिक विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया. बैठक में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आंगनबाड़ी केंद्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया.
59 प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में बनेंगे अतिरिक्त कमरे
बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई. जिले के 59 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए शिक्षा विभाग ने भूमि चिन्हित कर ली है. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने का निर्देश दिया.
वैकल्पिक जमीन की तलाश करेंगे अंचलाधिकारी
डीएम ने कहा कि जिन सरकारी जमीनों पर तकनीकी या भौगोलिक कारणों से आंगनबाड़ी या स्कूल भवन का निर्माण संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक भूमि की तलाश की जाए. इसके लिए संबंधित अंचलाधिकारियों को तत्काल जमीन चिन्हित करने की जिम्मेदारी दी गई है.
कई विभागों के काम की हुई बिंदुवार समीक्षा
बैठक में शिक्षा विभाग, मनरेगा, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल और आईसीडीएस समेत अन्य संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई. अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया.
Also Read : शेखपुरा: सदर अस्पताल का ड्रेनेज सिस्टम फेल, मूसलाधार बारिश के बाद जलजमाव; संक्रमण का खतरा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए