शिवहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में वार्षिक निरीक्षण, शिक्षण व्यवस्था और गुणवत्ता पर दिया गया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते अतिथिगण व अन्य
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, शिवहर में वार्षिक निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. निरीक्षण दल ने शैक्षणिक, प्रशासनिक व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की, शिक्षकों और विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए.
Sheohar News: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, शिवहर में गुरुवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय पटना के सहायक आयुक्त मनीष कुमार प्रभात के नेतृत्व में वार्षिक निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. निरीक्षण दल में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बेतिया के प्राचार्य विवेक दुबे धार, कंकड़बाग प्रथम पाली केंद्रीय विद्यालय के उप प्राचार्य प्रमोद कुमार, सोनपुर केंद्रीय विद्यालय के मुख्याध्यापक मनीष कुमार ठाकुर सहित अन्य शिक्षाविद शामिल रहे. निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई.
कलर पार्टी ने किया अतिथियों का स्वागत
विद्यालय की कलर पार्टी तथा स्काउट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने आगंतुक अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया. विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र कुमार पांडेय ने सभी पैनल सदस्यों का पौधा भेंट कर पारंपरिक "ग्रीन वेलकम" किया. इसके बाद सभी अतिथियों ने प्रार्थना सभा में भाग लिया.
विद्यार्थियों को किया प्रेरित, शिक्षकों को दिए सुझाव
सहायक आयुक्त मनीष कुमार प्रभात ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें उच्च शैक्षणिक लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया. उप प्राचार्य प्रमोद कुमार, प्राचार्य विवेक दुबे धार एवं मुख्याध्यापक मनीष कुमार ठाकुर ने शिक्षकों के साथ संवाद कर शिक्षण पद्धति में गुणवत्ता सुधार, बुनियादी शिक्षा, विषयगत समझ तथा कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव दिए.
पौधारोपण और मधुबनी पेंटिंग से किया सम्मान
"एक पेड़ मां के नाम 3.0" अभियान के तहत सहायक आयुक्त मनीष कुमार प्रभात ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया. वहीं निरीक्षण के उत्तर सत्र में सभी पैनल सदस्यों को पारंपरिक शॉल और विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार प्रामाणिक मधुबनी पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया.
बालवाटिका से कक्षा 12 तक हुई समीक्षा
निरीक्षण दल ने बालवाटिका से कक्षा 12 तक की शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया का अवलोकन किया. विभिन्न विभागों, प्रशासनिक अभिलेखों और विद्यालय की अन्य गतिविधियों की भी समीक्षा की गई. निरीक्षण के अंत में सहायक आयुक्त ने विद्यालय की उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों की सराहना करते हुए शिक्षकों को केंद्रीय विद्यालय संगठन की सभी पहलों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया.
प्राचार्य ने जताया आभार
विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र कुमार पांडेय ने निरीक्षण दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पैनल द्वारा दिए गए सभी सुझावों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा. कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ पीजीटी शिक्षक देवेंद्र कुमार दीपक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
यह भी पढ़ें: सावन में मेहंदी और हरी चूड़ियों का महत्व, भगवान शिव की आराधना से जुड़ी है मान्यता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





