Sheohar: सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

सदर अस्पताल में महिला की मौत के बाद मौजूद परिजन
शिवहर सदर अस्पताल में प्रसव के लिए पहुंची गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल में हंगामा मच गया. पढ़ें पूरी खबर…
Sheohar News: शिवहर के सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में गुरुवार को प्रसव के लिए भर्ती कराई गई एक गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया.
प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची थी महिला
मृतका की पहचान पिपराही प्रखंड के परसौनी बैज वार्ड संख्या-7 निवासी ललन पासवान की 32 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी के रूप में हुई है.
बताया गया कि रिंकू देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे. इसी दौरान इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई.
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया.
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
सिविल सर्जन ने दी सफाई
सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि महिला का इलाज महिला चिकित्सक डॉ. सुधा कुमारी कर रही थीं. जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड और ब्लड टेस्ट कराया गया, जिसमें पता चला कि गर्भ में पल रहे बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी.
उन्होंने बताया कि मृत बच्चे के कारण संक्रमण फैल गया, जिससे महिला की भी मौत हो गई.
समय पर जांच नहीं कराने का आरोप
सिविल सर्जन ने कहा कि गर्भवती महिला ने नियमित जांच नहीं कराई थी. यदि समय-समय पर जांच कराई जाती, तो गर्भ में बच्चे की स्थिति का पहले ही पता चल सकता था.
उन्होंने कहा कि संक्रमण बढ़ने के कारण महिला की जान नहीं बचाई जा सकी. फिलहाल पूरे मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्तर पर जांच की जा रही है.
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










