विश्व पर्यावरण दिवस पर शिवहर में पौधारोपण, मंत्री ने बच्चों को किया सम्मानित
Published by : Aniket Kumar Updated At : 06 Jun 2026 11:34 AM
प्रतीकात्मक फोटो
Sheohar News: विश्व पर्यावरण दिवस पर शिवहर में पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. एडीआर भवन परिसर में न्यायिक अधिकारियों ने पौधे लगाए, जबकि कुशहर हाई स्कूल में मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बच्चों को सम्मानित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. पढे़ं पूरी खबर…
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर शिवहर में पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. एक ओर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से एडीआर भवन परिसर में पौधे लगाए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर वन विभाग के कार्यक्रम में बच्चों को सम्मानित कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया जा रहा है. कार्यक्रमों के जरिए लोगों को हरियाली बढ़ाने और पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
एडीआर भवन में न्यायिक अधिकारियों ने लगाया पौधा
किसान मैदान स्थित एडीआर भवन परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक कुमार पौधारोपण कर कर रहे हैं. इस दौरान न्यायिक अधिकारियों और कर्मियों द्वारा फलदार व छायादार पौधे लगाए जा रहे हैं.
केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं
प्रधान जिला जज ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के दौर में पेड़ों का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है. पौधों को बच्चों की तरह संरक्षण देकर ही पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा सकता है. कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक समेत कई न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
मंत्री ने बच्चों को किया सम्मानित
इधर, कुशहर हाई स्कूल परिसर में वन विभाग की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता शामिल होकर निबंध, भाषण, चित्रकला और पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित कर रही हैं. मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए. उन्होंने बच्चों से भी प्रकृति संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. कार्यक्रम में वन विभाग की पदाधिकारी डॉ. अमिता राज, प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










