शिवहर: 14 सूत्री मांगों को लेकर निर्माण कामगार फेडरेशन और भाकपा का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

निर्माण कामगार फेडरेशन और भाकपा का प्रदर्शन
Sheohar News: शिवहर में निर्माण कामगार फेडरेशन और भाकपा ने 14 सूत्री मांगों को लेकर धरना दिया. सड़क निर्माण, स्वास्थ्य व्यवस्था, किसानों के मुआवजे, आंगनबाड़ी सुविधाओं और भूमि संबंधी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया. पढ़ें पूरी खबर…
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar News: शिवहर में किसान, मजदूर और आम लोगों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को निर्माण कामगार फेडरेशन, बिहार और भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन किया. समाहरणालय स्थित किसान मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और प्रशासन के समक्ष 14 सूत्री मांगों को लेकर आवाज उठाई.
14 सूत्री मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
जिला परिषद सदस्य सच्चिदानंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी प्रतिभा रानी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. संगठन के नेताओं का कहना है कि लंबे समय से जिले की कई बुनियादी समस्याएं लंबित हैं, जिनका समाधान जरूरी है.
सड़क, स्वास्थ्य और भूमि से जुड़े मुद्दे उठाए
जिला सचिव सह कामरेड राम नरेश सिंह ने बताया कि ज्ञापन में शिवहर-जगदीश नंदन सिंह चौक से कुंज गली तक सड़क निर्माण की मांग की गई है. इसके अलावा शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए उत्तर और दक्षिण दिशा में बाईपास सड़क बनाने की भी मांग उठाई गई. स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सदर अस्पताल में आवश्यक पदों पर नियुक्ति और कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग की गई. वहीं पुरनहिया प्रखंड के कटैया गांव में वर्षों से बसे अनुसूचित जाति परिवारों को बासगीत पर्चा देने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया.
आंगनबाड़ी और किसानों की समस्याओं पर जोर
धरना में आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने, सेविकाओं के कथित शोषण पर रोक लगाने और जिला अभिलेखागार में भ्रष्टाचार समाप्त करने की मांग की गई. साथ ही बागमती नदी से प्रभावित किसानों की मालगुजारी माफ करने और हालिया तूफान व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग भी रखी गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










