शिवहर: तरियानी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गांवों में हुई कुर्की

आरोपितों के घर की कुर्की करती पुलिस
Sheohar News: तरियानी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार दो अपराधियों के घरों पर कुर्की-जब्ती की. कोर्ट के आदेश और इश्तेहार के बाद भी सरेंडर न करने पर पुलिस बंशी पचरा और बैजनाथपुर गांव से सारा सामान उठा ले गई. पढ़ें पूरी खबर…
Sheohar News: तरियानी थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर और बंशी पचरा गांवों में रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. न्यायालय के आदेश पर लंबे समय से फरार चल रहे दो अलग-अलग मामलों के अभियुक्तों के घरों पर कुर्की-जब्ती की गई. यह कार्रवाई थाना अध्यक्ष विनय प्रसाद के नेतृत्व में और अवर निरीक्षक राजाराम कुमार की उपस्थिति में भारी पुलिस बल के साथ संपन्न हुई.
इश्तेहार के बाद भी नहीं किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त वर्षों पुराने आपराधिक मामलों में वांछित थे. नियमानुसार, न्यायालय के निर्देश पर पहले इनके घरों पर इश्तेहार चिपकाकर सरेंडर करने की चेतावनी दी गई थी. इसके बावजूद न तो अभियुक्तों ने आत्मसमर्पण किया और न ही कोर्ट में हाजिर हुए. इसके बाद न्यायालय ने कुर्की-जब्ती का वारंट जारी किया.
बंशी पचरा और बैजनाथपुर में जब्ती
पहली कार्रवाई बंशी पचरा गांव में कांड संख्या 263/20 के अभियुक्त लखींद्र राम के घर हुई, जहां पुलिस ने कीमती सामान और फर्नीचर जब्त कर लिया. इसके तुरंत बाद पुलिस टीम बैजनाथपुर गांव पहुंची. वहां कांड संख्या 47/2012 के मुख्य अभियुक्त नजरे आलम के घर पर कुर्की की गई. नजरे आलम करीब 12 वर्षों से फरार चल रहा था. पुलिस ने उसके घर की चौखट और किवाड़ तक हटा दिए और सारा सामान जब्त कर लिया.
अपराधियों में खौफ पैदा करना मकसद
थानाध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. इससे अपराधियों में खौफ पैदा होगा और वे सरेंडर करने पर मजबूर होंगे. फिलहाल जब्त सामानों की सूची बनाकर न्यायालय को भेजी जा रही है.
शिवहर के तरियानी से मधुरेंद्र सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










