शिवहर: 13 पंचायतों में आज सहयोग शिविर, ऑन-द-स्पॉट सुलझेंगी ग्रामीणों की समस्याएं

सहयोग शिविर की प्रतीकात्मक तस्वीर
Sheohar News: जिले की 13 पंचायतों में आज ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. जनसमस्याओं के तुरंत निपटारे के लिए शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे. पढ़ें पूरी खबर…
Sheohar News: विकसित भारत-समृद्ध बिहार के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए मंगलवार को शिवहर जिले सहित पूरे राज्य में सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. जिलाधिकारी (डीएम) प्रतिभा रानी के निर्देश पर शिवहर जिले के विभिन्न प्रखंडों की 13 पंचायतों में यह सहयोग शिविर आयोजित किया गया है. यह राज्य सरकार की एक अभिनव पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर ही आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण करना है.
इन 13 पंचायतों में लगा है सहयोग शिविर
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड के रोहुआ एवं फुलकाहां पंचायत, पुरनहिया प्रखंड के अभिराजपुर बैरिया एवं कोल्हुआ ठिकहां पंचायत, शिवहर प्रखंड के सरसौला खुर्द, चमनपुर तथा माली पोखर भिंडा पंचायत में शिविर लगाया गया है. इसके अलावा तरियानी प्रखंड के हिरौता दुम्मा, माधोपुर छाता, सलेमपुर एवं सुरगाही पंचायत तथा पिपराही प्रखंड के बेलवा एवं अम्बा उत्तरी पंचायत में इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है.
डीपीआरओ ने की अपील, शिविर में तैनात रहेंगे बड़े अधिकारी
इस महाअभियान को लेकर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) प्रेम प्रकाश ने आम जनता से अपील की है. उन्होंने कहा कि लोग अधिक से अधिक संख्या में अपने नजदीकी शिविर में पहुँचकर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लें और उनका सीधा लाभ उठाएं. जनसामान्य की सहूलियत और शिकायतों के ऑन-द-स्पॉट निपटारे के लिए प्रत्येक पंचायत शिविर में जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










