Sheohar News: पहाड़पुर गांव में चाकूबाजी से हड़कंप, प्रेम प्रसंग के चक्कर में दोस्त ने ही ली दोस्त की जान

Sheohar News -Police-Solved-Youth-Murder-Case-In-12-Hours-Accused-Prince-Arrested
Sheohar News: शिवहर के श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में युवक विशाल कुमार की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा. मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार, महिला से प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण. जानिए खबर विस्तार से…
Sheohar News: शिवहर जिला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. श्यामपुर भटहा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में गुरुवार की रात एक युवक की चाकू मारकर की गई नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल मुख्य आरोपी को दबोच लिया, बल्कि उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है.
प्रेस वार्ता में एसपी शुभांक कुमार मिश्रा ने दी पूरी जानकारी
शुक्रवार को जिला मुख्यालय में आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक कुमार मिश्रा ने बताया कि 28 मई को जैसे ही पुलिस को पहाड़पुर गांव में युवक विशाल कुमार पर जानलेवा हमले की सूचना मिली, पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंची. घायल विशाल कुमार को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. घटना की गंभीरता और इलाके में फैले तनाव को देखते हुए एसपी के निर्देश पर तत्काल एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया.
एसआईटी ने बिछाया जाल और दबोचा गया मुख्य आरोपी प्रिंस
इस हाई-लेवल टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुशील कुमार, श्यामपुर भटहा थानाध्यक्ष सुनील कुमार, डीआईयू (DIU) की टीम और अन्य चुनिंदा पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया. एसआईटी ने बिना समय गंवाए मानवीय आसूचना (लोकल इनपुट) और वैज्ञानिक व तकनीकी अनुसंधान को आधार बनाकर छापेमारी शुरू की और महज कुछ ही घंटों के भीतर पहाड़पुर गांव से ही मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की कड़ाई से पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त घातक चाकू भी बरामद कर लिया गया. पुलिस जांच में हत्या की जो वजह सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है. अधिकारियों के मुताबिक, दोनों युवकों का एक ही महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी त्रिकोणीय प्रेम जाल और आपसी रंजिश के कारण इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को पुलिस की खुली चेतावनी
प्रेस वार्ता के अंत में एसपी शुभांक कुमार मिश्रा ने कड़े लहजे में कहा कि शिवहर पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों के बीच एक स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और शांति भंग करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
शिवहर के डुमरी कटसरी से सुजीत कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










