कचरे से परेशान पहाड़पुर के लोग, पूर्व सभापति ने नगर परिषद की व्यवस्था पर उठाये सवाल
शिवहर के पहाड़पुर हाईवे के किनारे कचरे का लगा अंबार
शिवहर में नेशनल हाईवे के किनारे कचरे के ढेर से स्थानीय लोग परेशान हैं. पूर्व सभापति अंशुमान नन्दन सिंह ने नगर परिषद की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कचरा प्रबंधन नियमों के पालन की मांग की है. उन्होंने वर्तमान नगर सभापति पर जनता को ठगने का भी आरोप लगाया है.
Sheohar News: शिवहर. जिले के पहाड़पुर स्थित नेशनल हाईवे के किनारे नगर परिषद शिवहर द्वारा कचरा जमा किये जाने को लेकर पूर्व सभापति अंशुमान नन्दन सिंह ने सवाल उठाये हैं. उन्होंने वर्तमान नगर सभापति राजन नन्दन सिंह से पूछा है कि आखिर किस नियम के तहत नेशनल हाईवे के किनारे कचरे का अंबार लगाया जा रहा है. उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या कचरा निस्तारण और कचरा गिराने के लिए यही स्थान निर्धारित किया गया है.
आपके शहर में
NH किनारे कचरे के भंडारण पर उठाया सवाल
पूर्व सभापति ने कहा कि पहाड़पुर गांव और आसपास के लोगों को कचरे के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उनके अनुसार, सड़क किनारे कचरा जमा होने से यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की स्थिति भी बन रही है. उन्होंने नगर परिषद से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर स्पष्टता देने की मांग की.
उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे के किनारे कचरे का इस तरह भंडारण किया जाना उचित है या नहीं, इस पर नगर परिषद को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
नगर सभापति पर लगाए कार्यशैली को लेकर आरोप
अंशुमान नन्दन सिंह ने वर्तमान नगर सभापति राजन नन्दन सिंह पर आरोप लगाया कि वे मीठी-मीठी बातों के माध्यम से जनता को ठग रहे हैं. उन्होंने खैरवा दर्प गांव के नाला निर्माण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके द्वारा बार-बार कहे जाने के बावजूद नाला आज तक सही तरीके से नहीं बन पाया है.
उन्होंने चिकनौटा में भी काम को लेकर सवाल उठाये और आरोप लगाया कि थोड़े-बहुत बदलाव की बात कहकर मीडिया में बने रहने की कोशिश की जाती है.
स्वच्छता व्यवस्था पर भी उठाये सवाल
पूर्व सभापति ने नगर परिषद कार्यालय में बढ़े विभाग और कर्मचारियों की संख्या को लेकर भी सवाल किया. उन्होंने कहा कि स्वच्छता पदाधिकारी और स्वच्छता कर्मचारियों समेत बड़ी संख्या में स्टाफ मौजूद हैं. ऐसे में नगर क्षेत्र में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की स्थिति पर ध्यान दिया जाना चाहिए.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नगर परिषद के कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल अन्य गतिविधियों तक सीमित है या उन्हें शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन पर भी प्रभावी तरीके से काम करना चाहिए.
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन की मांग
अंशुमान नन्दन सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से नगर परिषद से पूछा कि क्या उसे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुरूप काम नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों को कचरा प्रबंधन से जुड़े नियमों और उनके तहत निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी होनी चाहिए.
उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी का ध्यान भी पहाड़पुर के पास नेशनल हाईवे के किनारे जमा किये जा रहे कचरे की ओर आकृष्ट कराया. उन्होंने कचरे को वहां से तत्काल हटाने की मांग करते हुए अधिकारियों से अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के अनुसार कार्रवाई करने की अपील की.
पूर्व सभापति ने नगर परिषद शिवहर के लोगों से भी अपील की कि यदि नगर परिषद की ओर से किये जा रहे किसी कार्य में गड़बड़ी दिखाई देती है, तो वे निडर होकर उसे सामने लायें.
यह भी पढ़ें: बगहा में जगदेव बाबू और शहीद रामफल मंडल को किया याद, डाक टिकट जारी होने पर कार्यक्रम आयोजित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए