शिवहर में शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह, शिक्षा और शिक्षक के महत्व पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में शामिल केंद्र की संचालिका भारती बहन एवं अन्य सेवानिवृत्त शिक्षकगण
शिवहर में शिक्षक दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में शिक्षा और शिक्षकों के अमूल्य योगदान को याद किया गया.
Sheohar News: शिवहर. जिला मुख्यालय स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा शिवहर की ओर से शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान पेंशनर समाज जिला शाखा शिवहर के अध्यक्ष सुरेंद्र झा, सेवानिवृत्त शिक्षक नागेंद्र साह सहित अन्य शिक्षकों को पाग और माला पहनाकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में शिक्षक और शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई.
आपके शहर में
डॉ. राधाकृष्णन के योगदान को किया याद
केंद्र की संचालिका भारती बहन ने कहा कि शिक्षक दिवस भारत के द्वितीय राष्ट्रपति और महान विद्वान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन आदर्श शिक्षक और महान शिक्षाविद् थे. उनके जन्मदिन पर वर्ष 1962 से देश में शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई.
शिक्षा मनुष्य के जीवन का निर्माण करती है
भारती बहन ने कहा कि मनुष्य के जीवन में शिक्षक और शिक्षा का विशेष महत्व है. शिक्षा व्यक्ति के जीवन का निर्माण करती है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग्य शिक्षक को पहचानना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है. ऐसे में शिक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है.
शिक्षक शिक्षा के प्रति समर्पित रहें
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक नागेंद्र साह ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अपने जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने का संदेश दिया था. उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षक शिक्षा के प्रति समर्पित और प्रतिबद्ध नहीं होंगे, तब तक बेहतर शिक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती. उन्होंने लोगों से गुरु और शिक्षा के महत्व को समझने तथा समाज के विकास में अपना योगदान देने की अपील की.
शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत कड़ी
पेंशनर समाज जिला शाखा शिवहर के अध्यक्ष सुरेंद्र झा ने शिक्षक दिवस मनाने के कारण और इसके महत्व पर विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने शिक्षकों के योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया. कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने भी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे.
कार्यक्रम में शिक्षक हरिशंकर, चंदेश्वर प्रसाद सिंह, आरआर कॉलेज के प्राचार्य नवल किशोर शाही, पूर्व प्राचार्य उमेश नंदन सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि और शिक्षक मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए