शिक्षक दिवस पर तरियानी के महाविद्यालय में भव्य समारोह, अनुशासन और मेहनत को बताया सफलता का मंत्र
महाविद्यालय में मनाया गया शिक्षक दिवस
तरियानी के नगीना रामध्यान शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर एक भव्य समारोह आयोजित हुआ. प्राचार्य डॉ. मो. अज़हरुल्लाह ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला और अनुशासन व मेहनत को सफलता का मूलमंत्र बताया.
Sheohar News: तरियानी. शिवहर नगीना रामध्यान शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, तारानगर, छतौनी में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई. इस दौरान महान शिक्षाविद् और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया गया.
आपके शहर में
शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं
समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मो. अज़हरुल्लाह ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शिक्षक विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं. उन्होंने प्रशिक्षुओं को सफलता के लिए अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास को मूलमंत्र बनाने की सलाह दी.
लक्ष्य पाने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी
प्राचार्य ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास और संघर्ष आवश्यक है. उनके संबोधन से प्रशिक्षुओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ. प्रशिक्षुओं ने निर्धारित लक्ष्य को पूरी निष्ठा और लगन के साथ हासिल करने तथा सफलता मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.
शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का आधार
प्रो. सोनी कुमारी ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के प्रमुख आधार होते हैं. शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की सही दिशा दिखाने का काम करते हैं.
वहीं प्रो. पंकज कुमार ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है. उनके शैक्षिक एवं दार्शनिक विचार आज भी शिक्षा जगत को दिशा प्रदान करते हैं. शिक्षक का दायित्व केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है.
प्रशिक्षुओं ने प्रस्तुत किए कार्यक्रम
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. प्रशिक्षु सलोनी कुमारी, शिवम कुमार, प्रीति, निभा, सिमरन, मुन्ना, सलोनी राज, अमित कुमार एवं ऋषि ने सक्रिय सहभागिता निभायी. प्रशिक्षुओं ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार प्रस्तुत किए.
समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए और अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया. शिक्षकों ने भी प्रशिक्षुओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी शिक्षकों और प्रशिक्षुओं का सराहनीय सहयोग रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए