रोहतास: दिनारा में बेलवैयां मोड़ पर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग: दो गोलियां हुईं मिस, बाल-बाल बची जान
दिनारा थाना भवन | Prabhat Khabar Network
बेलवैयां गांव के मोड़ पर गुरुवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर जानलेवा हमला किया। गनीमत रही कि दोनों गोलियां मिस हो गईं, जिससे युवक की जान बाल-बाल बच गई।
Sasaram News: जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवैयां गांव के मोड़ के समीप गुरुवार की देर रात बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गनीमत रही कि अपराधियों द्वारा चलाई गई दोनों गोलियां मिसफायर हो गईं, जिससे युवक की जान बाल-बाल बच गई. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
मामूली विवाद के बाद रंजिश में वारदात
प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बेलवैयां गांव निवासी सर्वोपरि सिंह के पुत्र शशिकांत सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन के अनुसार, बीते 10 तारीख को दिनारा चौक स्थित इंडियन बैंक के समीप ई-रिक्शा सवार तीन युवकों ने शशिकांत की बुलेट में टक्कर मार दी थी. इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जिसे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया था. आरोप है कि पीड़ित के वहां से निकलते ही ओवरब्रिज के ऊपर से तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की गई थी.
अपाचे सवार तीन नकाबपोशों ने दागी गोलियां
उसी रंजिश को लेकर गुरुवार रात जब शशिकांत अपने गांव लौट रहा था, तभी बेलवैयां मोड़ के पास काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया. हमलावरों ने युवक को निशाना बनाकर दो राउंड गोली चलाई, लेकिन दोनों बार फायरिंग मिस हो गई. पीड़ित के अनुसार हमलावरों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच थी. गोली मिस होते ही सभी बदमाश दिनारा की ओर फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मुख्य मार्गों और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार बदमाशों की शिनाख्त कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए