लघु शिलालेख के साथ अब सम्राट अशोक की प्रतिमा का अवलोकन करेंगे जिलेवासी
Published by : ANURAG SHARAN Updated At : 26 Mar 2026 4:36 PM
सिंहासन पर विराजमान हैं अखंड भारत के निर्माता, अशोक स्तंभ के सिंह बढ़ा रहे प्रतिमा की भव्यता
गौरवशाली पहल: मेयर ने चक्रवर्ती सम्राट की विशाल प्रतिमा का किया अनावरण
सिंहासन पर विराजमान हैं अखंड भारत के निर्माता, अशोक स्तंभ के सिंह बढ़ा रहे प्रतिमा की भव्यताप्रतिमा की सुरक्षा के लिए लाइटिंग के साथ लगाये गये सीसीटीवी कैमरे
फोटो-8- सम्राट अशोक की प्रतिमा के सामने खड़ी मेयर काजल कुमारी व अन्य. प्रतिनिधि, सासाराम नगरऐतिहासिक शहर सासाराम अब अपनी एक और नयी पहचान के साथ पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों का स्वागत करेगा. शहर में स्थित सम्राट अशोक के प्राचीन लघु शिलालेख के बाद अब नगर निगम क्षेत्र के धर्मशाला के समीप चक्रवर्ती सम्राट अशोक की विशाल और भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है. गुरुवार को मेयर काजल कुमारी ने इस प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया. इस नवनिर्मित प्रतिमा में सम्राट अशोक अपने राजसी सिंहासन पर विराजमान दिख रहे हैं. भवन के ऊपरी हिस्से पर बनी इस प्रतिमा के चारों खंभों पर अशोक स्तंभ के सिंह को स्थापित किया गया है, जो इसकी दिव्यता और भव्यता में चार चांद लगा रहा है. अब तक लोगों को सम्राट अशोक से जुड़ी स्मृतियों और शिलालेख को देखने के लिए चंदन शहीद पहाड़ी की चढ़ाई करनी पड़ती थी, लेकिन अब शहर के हृदय स्थल धर्मशाला के पास ही वे सम्राट के दर्शन कर सकेंगे.
सम्राट अशोक वेलफेयर फाउंडेशन ने किया प्रतिमा का निर्माण
भवन का निर्माण नगर निगम द्वारा कराया गया है, जबकि इसके ऊपर स्थापित प्रतिमा का निर्माण सम्राट अशोक वेलफेयर फाउंडेशन के सौजन्य से हुआ है. फाउंडेशन की ओर से परिसर की सुरक्षा और सुंदरता के लिए विशेष प्रबंध किये गये हैं, जिसमें आधुनिक लाइटिंग, आकर्षक साज-सज्जा, फूल-पौधे, हाई-स्पीड वाईफाई और सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं. अनावरण के पश्चात मेयर काजल कुमारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सासाराम का गौरवशाली इतिहास सम्राट अशोक से अटूट रूप से जुड़ा हुआ है. लोगों की लंबे समय से यह इच्छा थी कि शहर में उनकी एक भव्य प्रतिमा हो, जिसे आज साकार कर दिया गया है. इस परिसर की देखरेख निरंतर फाउंडेशन द्वारा की जायेगी. इस गरिमामयी अवसर पर पार्षद अंजू मौर्य, आलोक कुमार, शैलेश कुमार, दीपू कुमार, जितेंद्र कुमार, अमर कुमार, मेयर प्रतिनिधि विवेक कुमार, कुशवाहा सभा भवन के ट्रस्टी पूर्णमासी सिंह, ललित कुमार सिंह, रवींद्र सिंह, जीपी विनोद कुमार मिश्रा, एडवोकेट बलवंत सिंह, चन्द्रहास सिंह, निर्भय सिंह, रवीन्द्र कुमार सिंह सहित कई पार्षद प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










