रोहतास: कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्राओं ने गिनाईं स्कूल की समस्याएं

Updated:
विज्ञापन

विद्यार्थी सहयोग शिविर में शामिल छात्राये व अन्य | Prabhat Khabar Network

अकोढ़ीगोला के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित, छात्राओं ने स्कूल की समस्याओं को पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया सीखी।

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिला के अकोढ़ीगोला प्रखंड क्षेत्र के कस्तूरबा आवासीय विद्यालय मथुरापुर में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. इसमें कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के साथ मध्य विद्यालय मथुरापुर की छात्राओं ने भी हिस्सा लिया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन ने की. शिविर में छात्राओं को विद्यालय से जुड़ी समस्याओं की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने और उनके समाधान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की दी जानकारी

बीडीओ डॉ. रवि रंजन ने छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के बारे में जानकारी दी. उन्होंने मोबाइल के माध्यम से छात्राओं को समझाया कि विद्यालय से संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकती है. उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समाधान कराया जाएगा.

शौचालय से लेकर बिजली तक की कर सकेंगी शिकायत

बीडीओ ने बताया कि विद्यालय में शौचालय, पेयजल, कमरों की व्यवस्था, बेंच-डेस्क, पंखा, बिजली और भोजन से जुड़ी समस्याओं की शिकायत पोर्टल के माध्यम से की जा सकती है. इसके अलावा परीक्षा समय पर नहीं होने, परीक्षा परिणाम समय पर प्रकाशित नहीं होने और अनधिकृत शुल्क की वसूली जैसी शिकायतें भी दर्ज कराई जा सकती हैं. उन्होंने बताया कि पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के 10 से 15 दिनों के अंदर समस्या के निराकरण का प्रयास किया जाएगा.

छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

शिविर के दौरान छात्राओं ने विद्यालय से जुड़ी कई समस्याएं पदाधिकारियों के सामने रखीं. छात्राओं ने मिड डे मील के तहत मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की. उन्होंने बताया कि विद्यालय में पर्याप्त पंखे की व्यवस्था नहीं है. स्कूल में कंप्यूटर उपलब्ध होने के बावजूद शिक्षक नहीं होने के कारण कंप्यूटर लैब का समुचित संचालन नहीं हो पा रहा है.

संस्कृत शिक्षक नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित

छात्राओं ने संस्कृत शिक्षक के नहीं होने की समस्या भी पदाधिकारियों के सामने रखी. छात्राओं का कहना था कि शिक्षक के अभाव में संस्कृत की पढ़ाई नहीं हो पा रही है. इसके अलावा विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया.

निरीक्षण में सही मिलीं छात्राओं की शिकायतें

छात्राओं के आग्रह पर पदाधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया. बीडीओ डॉ. रवि रंजन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान छात्राओं की ओर से बताई गई कई समस्याएं सही पायी गयीं. उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को मिड डे मील के भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने का निर्देश दिया.

पोर्टल के माध्यम से होगा समस्याओं का समाधान

बीडीओ ने कहा कि छात्राओं की विद्यालय से संबंधित समस्याओं को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कराया जाएगा, ताकि संबंधित विभाग तक शिकायत पहुंच सके और उसका समाधान कराया जा सके. उन्होंने छात्राओं से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं को सामने लाएं और जरूरत पड़ने पर पोर्टल का उपयोग करें.

मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, एसआई कोमल कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

विद्यार्थी सहयोग शिविर में शामिल छात्राये व अन्य | Prabhat Khabar Network
विद्यार्थी सहयोग शिविर में शामिल छात्राये व अन्य | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन