सासाराम में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पार करते वक्त हुआ हादसा

Sasaram Railway Track Youth Death : सासाराम में रेलवे ट्रैक पार करते समय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सतर्कता की अपील की है.
Sasaram Railway Track Youth Death : सासाराम से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां सोमवार की अहले सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. गया-डीडीयू रेल मंडल के अंतर्गत सासाराम स्टेशन के पास करीब सुबह सात बजे यह घटना हुई. हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई.
मृतक की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के पताढ़ी गांव निवासी स्वर्गीय राम प्रवेश सिंह के पुत्र नितिश कुमार पटेल के रूप में की गई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया.
Railway Track : ट्रैक पर मिला शव, जीआरपी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना सासाराम हरकत में आई. थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा हुआ है. इसके बाद तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को ट्रैक से हटाया और आगे की प्रक्रिया शुरू की. मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई, ताकि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा सके.
Sasaram News : ट्रैक पार करने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, नितिश कुमार पटेल किसी काम से रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना इतनी तेज थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के हादसे अक्सर तब होते हैं, जब लोग जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार करते हैं और ट्रेन की रफ्तार का सही अंदाजा नहीं लगा पाते.
Sasaram Police : पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
सासाराम में हुई इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही के खतरों को उजागर कर दिया है. प्रशासन की ओर से लगातार सतर्कता बरतने की अपील की जाती रही है, लेकिन इसके बावजूद ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं. फिलहाल पुलिस मामले की औपचारिक जांच में जुटी है, वहीं क्षेत्र में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.
Also Read : सासाराम में 20 जुलाई को निकलेगी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा, इस्कॉन की तैयारियां तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










