रोहतास में सफाई व्यवस्था फेल: कचरे के अंबार से घिरा सोन नहर, बीमारी के खतरे से सहमे लोग

कचरे का अंबार
Sasaram News: रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड अंतर्गत लांजी गांव से होकर गुजरने वाली सोन उच्च स्तरीय नहर में कूड़ा-कचरा जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. दुर्गंध और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है, जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है.
Sasaram News:( संदेश जायसवाल) रोहतास के चेनारी प्रखंड क्षेत्र के लांजी गांव से होकर गुजरने वाली सोन उच्च स्तरीय नहर इन दिनों कूड़ा-कचरे के अंबार में तब्दील होती जा रही है. नहर के कई हिस्सों में बड़ी मात्रा में कचरा जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों का वहां से गुजरना तक मुश्किल हो गया है.
नहर में फेंका जा रहा घरेलू और प्लास्टिक कचरा
स्थानीय निवासी सोनू यादव ने बताया कि नहर में प्रतिदिन घरेलू कचरा, प्लास्टिक, सड़े-गले पदार्थ और अन्य अपशिष्ट फेंके जा रहे हैं. लगातार बढ़ते कचरे के कारण नहर की स्थिति दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है. गर्मी बढ़ने के साथ कूड़े से निकलने वाली बदबू और भी तीव्र हो गई है, जिससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है. मच्छरों और अन्य कीटों की संख्या में वृद्धि होने से लोगों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं.
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीण दीपक जायसवाल और पिंटू जायसवाल ने बताया कि नहर की सफाई को लेकर कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. उनका कहना है कि नहर के किनारे रहने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. शाम होते ही दुर्गंध इतनी बढ़ जाती है कि लोगों का घरों के बाहर बैठना भी मुश्किल हो जाता है. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बरसात में और गंभीर हो सकती है समस्या
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते नहर से कचरा नहीं हटाया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. कचरे के कारण जल प्रवाह बाधित होने की आशंका है, जिससे जलजमाव और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं. ग्रामीणों का कहना है कि नहर की नियमित सफाई नहीं होने से यह धीरे-धीरे कूड़ाघर में बदलती जा रही है. यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया तो इसका असर पर्यावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है.
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
इस संबंध में जब संबंधित कनीय अभियंता रंजन कुमार से संपर्क कर जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें नहर में कचरा जमा होने की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों ने उठाई सफाई अभियान की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सफाई अभियान चलाकर नहर से कचरा हटाने की मांग की है. साथ ही भविष्य में नहर में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी अपील की है. उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को दुर्गंध, गंदगी और संभावित बीमारियों से राहत मिल सके तथा नहर की स्वच्छता और जल प्रवाह बनाए रखा जा सके.
Alos Read:आरा में बिजली के पोल के संपर्क में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रागिनी शर्मा
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










