रोहतास: बाणसागर के 8 गेट खुलेंगे, सोन में बढ़ेगा जलप्रवाह; इंद्रपुरी बराज पर 22 गेट खुले

Updated:
विज्ञापन

इंद्रपुरी बराज | Prabhat Khabar Network

बाणसागर जलाशय से सोन नदी में 3277 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

विज्ञापन

Rohtas News : बाणसागर जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और जल आवक बढ़ने के कारण सोन नदी में जलप्रवाह बढ़ने की संभावना है. जलाशय का निर्धारित जलस्तर बनाए रखने के लिए 30 अगस्त की रात आठ बजे वर्तमान में खुले छह रेडियल गेट के अतिरिक्त दो और रेडियल गेट खोलने का निर्णय लिया गया है. इसके बाद कुल आठ रेडियल गेट दो-दो मीटर की ऊंचाई तक खुले रहेंगे. इससे करीब 3277 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जाएगा. जल आवक और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर इससे अधिक पानी भी छोड़ा जा सकता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

डाउनस्ट्रीम इलाकों में बढ़ी सतर्कता

जल संसाधन विभाग, गंगा कछार जल संसाधन विभाग रीवा की ओर से जारी सूचना के बाद सोन नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. बाणसागर से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का असर आगे चलकर इंद्रपुरी बराज तथा सोन नदी के ऊपरी और निचले क्षेत्रों के जलस्तर पर पड़ सकता है. प्रशासन और जल संसाधन विभाग के मैदानी अमले को स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

नदी किनारे जाने से बचने की अपील

विभाग ने सोन नदी के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों से नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की है. इंद्रपुरी, तिलौथू समेत सोन नदी के किनारे बसे निचले इलाकों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है. लोगों को नदी में स्नान करने, मछली पकड़ने या अन्य कार्यों के लिए जाने से बचने की सलाह दी गई है. बच्चों और पशुओं को भी नदी के आसपास नहीं जाने देने की अपील की गयी है.

जल आवक बढ़ी तो और बढ़ सकता है प्रवाह

विभागीय अधिकारियों के अनुसार बाणसागर जलाशय में जल आवक और जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है. यदि कैचमेंट क्षेत्र में बारिश जारी रहती है और जलाशय में पानी की आवक बढ़ती है, तो सोन नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है. ऐसी स्थिति में डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में नदी का जलस्तर बढ़ सकता है. लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन व विभाग की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की गई है.

इंद्रपुरी बराज के 22 गेट खुले, जलस्तर 355 फीट

इंद्रपुरी बराज से सोमवार सुबह नौ बजे प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 69 गेटों में से 22 गेट खुले हुए थे. बराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 355.00 फीट दर्ज किया गया, जो निर्धारित जलस्तर के बराबर है. डाउनस्ट्रीम में जलस्तर 337.10 फीट रहा. अपस्ट्रीम से पानी का प्रवाह 1,10,309 क्यूसेक, जबकि डाउनस्ट्रीम में 98,888 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था. जलप्रवाह का रुझान फिलहाल घटने की ओर दर्ज किया गया है.

स्थिति पर लगातार रखी जा रही नजर

जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार डब्ल्यूएलसी 6,509 क्यूसेक, डब्ल्यूपीएलसी 1,207 क्यूसेक और ईएलसी 3,705 क्यूसेक दर्ज किया गया. अधिकारियों के अनुसार बराज का जलस्तर फिलहाल निर्धारित स्तर पर है और 22 गेटों से पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी के निचले हिस्से में बहाव बना हुआ है.

कहते हैं अधिकारी

कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार भारती ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पानी बढ़ने की संभावना है. विभाग किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. संबंधित कर्मियों को तटबंधों और गेटों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. फिलहाल स्थिति सामान्य है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन