सासाराम : नहर के चाट में मिला अधेड़ महिला का शव, नटवार के पिपरी गांव में सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
बिहार के नटवार थाना क्षेत्र में नहर किनारे एक अज्ञात अधेड़ महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की जांच और शव की शिनाख्त में जुटी है।
प्रतिनिधि, दिनारा. नटवार थाना क्षेत्र के पिपरी गांव के समीप मंगलवार सुबह नहर के चाट में एक अज्ञात अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गयी.
नहर किनारे शव देखकर ग्रामीणों में मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण नहर की तरफ गये थे. इसी दौरान उनकी नजर नहर किनारे पड़े महिला के शव पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों में अफरातफरी मच गयी. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नटवार थाना पुलिस को दी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही नटवार थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया. मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की गयी, लेकिन मृतका की पहचान नहीं हो सकी.
45 से 50 वर्ष के बीच बतायी जा रही उम्र
पुलिस के अनुसार, मृत महिला की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच आंकी गयी है. प्रथम दृष्टया देखने से लग रहा है कि महिला की मौत शव बरामद होने से करीब पांच से छह घंटे पहले हुई है. हालांकि, मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा.
एफएसएल टीम को दी गयी सूचना
इस संबंध में नटवार थानाध्यक्ष रंजय कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान अभी नहीं हो पायी है. आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की गयी है, लेकिन किसी ने भी उसकी पहचान नहीं की है. घटना की जानकारी विक्रमगंज एसडीपीओ सिंधु शेखर और एफएसएल टीम को दी गयी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा शव
जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. महिला की पहचान के लिए आसपास के थानों में भी सूचना भेजी गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए