भूमिहीन परिवारों को मिली जमीन, डीएम ने सौंपा बंदोबस्ती पर्चा, दखल-कब्जा भी दिलाया
लाभार्थी को बंदोबस्ती का पर्चा देते डीएम | Prabhat Khabar Network
सासाराम में जिला प्रशासन ने दो भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती पर्चा सौंपकर जमीन पर दखल-कब्जा दिलाया। डीएम ने खुद लाभार्थियों को सौंपा जमीन का अधिकार।
लंबे समय से जमीन के इंतजार में रहे दो भूमिहीन परिवारों को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत दी है. प्रशासन ने नियमानुसार भूमि बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी कर दोनों लाभार्थियों को बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराया. इतना ही नहीं, संबंधित भूमि पर उनका दखल-कब्जा भी सुनिश्चित कराया गया. जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने दोनों लाभार्थियों को स्वयं बंदोबस्ती पर्चा सौंपा.
जमीन का अधिकार मिलते ही चेहरे पर खुशी
भूमि का अधिकार मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी. प्रशासन की इस पहल से भूमिहीन परिवारों को न केवल जमीन मिली, बल्कि वर्षों से चली आ रही उनकी समस्या का भी समाधान हुआ.
शिकायत के बाद शुरू हुई भूमि बंदोबस्ती की प्रक्रिया
प्रशासन के अनुसार, श्री फुलेन्द्र प्रसाद पासवान भूमिहीन थे और भूमि बंदोबस्ती की उम्मीद लगाए हुए थे. उन्होंने सहयोग पोर्टल के माध्यम से भूमि बंदोबस्ती से संबंधित परिवाद दर्ज कराया था. परिवाद की जांच और समीक्षा के बाद संबंधित अंचल प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की. प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें बंदोबस्ती पर्चा दिया गया और जमीन पर दखल-कब्जा भी दिलाया गया.
नीतू देवी के मामले में भी हुई कार्रवाई
इसी तरह श्रीमती नीतू देवी से संबंधित मामले में भी प्रशासन ने कार्रवाई पूरी की. उनके पति संतोष कुमार को बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराया गया. संबंधित भूमि पर परिवार का दखल-कब्जा सुनिश्चित कराकर प्रशासन ने उन्हें बड़ी राहत दी.
पात्र लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
इस मौके पर डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और राजस्व प्रावधानों का वास्तविक उद्देश्य पात्र और जरूरतमंद लोगों तक लाभ पहुंचाना है. भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार दिलाना उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
अधिकार दिलाने में लापरवाही नहीं हो
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रहा है. पात्र लोगों को नियमानुसार उनका अधिकार दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
पर्चा और दखल-कब्जा मिलते ही मिली राहत
भूमि का पर्चा और दखल-कब्जा मिलने के बाद दोनों लाभार्थियों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया. वर्षों से भूमि की आस लगाए परिवारों के लिए यह राहत केवल कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि अपने आशियाने और भविष्य को सुरक्षित करने का आधार बनी है. मौके पर संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
ALSO READ : 15 से 29 साल के युवाओं के लिए बड़ा मौका, इस पोर्टल से जुड़कर मिलेंगे कई फायदे; जानें कैसे करें रजिस्ट्रेशन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए