रोहतास में सवारी ने ई-रिक्शा चालक को मारी गोली, वाहन समेत मोबाइल-नगदी लेकर फरार
सांकेतिक तस्वीर
Sasaram Crime News: रोहतास में देर रात अपराधियों ने ई-रिक्शा चालक को गोली मारकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. घायल चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
Sasaram Crime News: (रंजन कुमार) रोहतास जिले के नोखा थाना इलाके में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं. गुरुवार की देर रात जनगारा-लख मार्ग पर बदमाशों ने एक ई-रिक्शा चालक को गोली मारकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. जानकारी के अनुसार, जनगरा लख के समीप सुनसान इलाके में अपराधियों ने चालक से ई-रिक्शा, मोबाइल फोन और नगदी लूटकर फरार हो गए.
घायल चालक की पहचान
घायल युवक की पहचान संझौली थाना क्षेत्र के अमेठी गांव निवासी 22 वर्षीय गौतम कुमार के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नोखा में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
कैसे हुई वारदात
पीड़ित गौतम कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सासाराम में ई-रिक्शा चलाता है. गुरुवार रात करीब 12 बजे दो युवकों ने जनगारा जाने के लिए उसका ई-रिक्शा बुक किया. सुनसान इलाके में पहुंचते ही दोनों बदमाशों ने हथियार निकाल लिया और लूटपाट शुरू कर दी. विरोध करने पर अपराधियों ने गौतम को गोली मार दी, जो उसकी कमर में लगी. इसके बाद बदमाश ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए.
घायल अवस्था में खुद बचाई जान
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद गौतम ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह कदवा गांव की दिशा में पहुंचा. देर रात होने के कारण उसे तुरंत मदद नहीं मिल सकी. कुछ दूरी पर ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत डायल 112 और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है. अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए