सासाराम : चेनारी के नाला निर्माण पर भड़के ग्रामीण, DM ने दिए जांच के आदेश, गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई
ग्रामीणों से आवेदन लेते जिलाधिकारी
चेनारी बाजार में नाला निर्माण में धांधली की शिकायत पर डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चेनारी बाजार के मुख्य नाले के निर्माण में अनियमितता की शिकायत अब जिला प्रशासन तक पहुंच गयी है. बुधवार को चेनारी प्रखंड कार्यालय के औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के समक्ष ग्रामीणों ने नाला निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया. ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर नाले का निर्माण सड़क से करीब दो फीट ऊंचा किया जा रहा है, जिससे जलनिकासी और आम लोगों की आवाजाही में परेशानी हो सकती है.
ग्रामीणों की शिकायत पर DM ने लिया संज्ञान
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने संबंधित एजेंसी के अधिकारियों को नाला निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराने का निर्देश दिया. उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच करने को कहा. डीएम ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी तरह की अनियमितता या नियमों की अनदेखी सामने आने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
सड़क से दो फीट ऊंचे नाले पर उठे सवाल
जिलाधिकारी ने कहा कि चेनारी बाजार के मुख्य नाला निर्माण को लेकर कई लोगों से शिकायत मिली है. नाले का निर्माण किस मानक के तहत किया जा रहा है और सड़क से करीब दो फीट ऊपर निर्माण करने का क्या कारण है, इसकी जांच जरूरी है. उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर निर्माण कार्य की जांच करने और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि विकास योजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा. निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को शिकायत की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
नये भवन के निर्माण स्थल का भी किया निरीक्षण
औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय परिसर में बनने वाले नये भवन के स्थल का भी जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों से भवन निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली. अधिकारियों ने बताया कि भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. संवेदक की ओर से कुछ तकनीकी और अन्य समस्याओं की जानकारी दी गयी थी.
निर्माण में देरी नहीं, समस्या का तत्काल समाधान
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर भवन निर्माण से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अनावश्यक कारणों से निर्माण कार्य में देरी नहीं होनी चाहिए. संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा कराने का निर्देश दिया गया.
आगत-निर्गत पंजी की भी हुई जांच
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रखंड कार्यालय की आगत एवं निर्गत पंजी की जांच की. उन्होंने कार्यालय में विभिन्न कार्यों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान जमीन, राशन कार्ड समेत अन्य मामलों से जुड़े ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपे.
आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं करने की बात कही.
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, बीडीओ प्रियंका कुमारी, सीओ पुरुषोत्तम कुमार समेत प्रखंड कार्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
ALSO READ : सासाराम : स्वच्छता के संदेश के साथ सड़कों पर उतरे छात्र, NSS स्वयंसेवकों ने चलाया जागरूकता अभियान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










