सासाराम : 15 अगस्त की शाम सजेगा खास मंच, 12 स्कूलों के बच्चे दिखाएंगे देशभक्ति और संस्कृति का रंग

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम को लेकर बैठक करते प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के सदस्य

बिक्रमगंज में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली छात्र एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 12 विद्यालयों के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे।

विज्ञापन

बिक्रमगंज. 80वें स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने के लिए अनुमंडल प्रशासन, बिक्रमगंज की ओर से इस वर्ष अनूठी पहल की जा रही है. 15 अगस्त की शाम आरा रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, तेंदुनी के प्रांगण में शहर और आसपास के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एक ही मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. करीब पांच वर्ष के अंतराल के बाद होने वाला यह अंतरविद्यालय सांस्कृतिक कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस की शाम को खास बनाने की तैयारी में है.

पांच साल बाद फिर सजेगा अंतरविद्यालय सांस्कृतिक मंच

अनुमंडल प्रशासन की पहल पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अब तक 12 विद्यालयों ने सहभागिता की सहमति दी है. इनमें डीएवी पब्लिक स्कूल तेंदुनी, डीएवी पब्लिक स्कूल सेमरा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, द डिवाइन पब्लिक स्कूल धावां, द डिवाइन पब्लिक स्कूल पानी टंकी, स्मार्ट किड्स आस्कमिनी नगर, जेएमडी पब्लिक स्कूल थाना चौक, बीएस पब्लिक स्कूल धावा पुल, डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल पड़रिया रोड, द सेंट्रल पब्लिक स्कूल डेहरी रोड, एंबिशन एकेडमी और विजन वर्ल्ड स्कूल शामिल हैं. इसके अलावा सरकारी विद्यालयों की ओर से सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय की प्रस्तुति होगी.

हर स्कूल की प्रस्तुति होगी अलग और खास

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि सभी विद्यालय अपने स्तर पर अलग-अलग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तैयार करेंगे. किसी एक विद्यालय के कार्यक्रम की नकल दूसरे विद्यालय के कार्यक्रम में नहीं होगी. बच्चों को अपनी मौलिक प्रतिभा, कला और रचनात्मकता दिखाने का अवसर मिलेगा. गीत, संगीत, नृत्य और देशभक्ति सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र-छात्राएं स्वतंत्रता दिवस की भावना को मंच पर जीवंत करेंगे.

गुरुवार को होगी फाइनल रिहर्सल

कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए सभी सहभागी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं गुरुवार की शाम डीएवी पब्लिक स्कूल तेंदुनी के प्रांगण में रिहर्सल के लिए जुटेंगे. इसी दौरान विद्यालयवार प्रस्तुतियों और कार्यक्रमों के क्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा. प्रशासन की कोशिश है कि सभी विद्यालयों को अपनी विशिष्ट प्रतिभा दिखाने के लिए पर्याप्त अवसर मिले.

बच्चों को मिलेगा साझा मंच, बढ़ेगा आपसी सहयोग

अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह सहकारिता पदाधिकारी अखिलेश्वर कुमार ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसे दोबारा आयोजित करने का उद्देश्य बच्चों को साझा मंच उपलब्ध कराना और स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाना है. उन्होंने कहा कि अलग-अलग विद्यालयों के बच्चे एक साथ मंच साझा करेंगे, तो उनमें आपसी सहयोग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना भी विकसित होगी.

अभिभावकों और शहरवासियों को मिलेगा मनोरंजन का मौका

प्रशासन की इस पहल से स्कूली छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का बड़ा मंच मिलेगा. वहीं, अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों और शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शाम विभिन्न विद्यालयों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने का अवसर मिलेगा. ऐसे में इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह बच्चों की प्रतिभा और देशभक्ति के रंग से सराबोर यादगार सांस्कृतिक संध्या बनने की उम्मीद है.


विज्ञापन
संतोष चंद्रकांत

लेखक के बारे में

By संतोष चंद्रकांत

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन