रोहतास के PM Shri School की हकीकत, 8 कमरों में 1500 छात्राएं, दो स्कूलों में चल रही पढ़ाई

Updated:
विज्ञापन

फोटो कैप्शन:- उक्त विद्यालय की एक कमरे में एक साथ बैठी छात्राएं | Prabhat Khabar Network

रोहतास जिले के चेनारी स्थित गंगोत्री प्रोजेक्ट बालिका +2 विद्यालय को पीएम श्री योजना में शामिल किया गया है. हालांकि, 1500 छात्राओं के लिए सिर्फ 8 कमरे होने से पढ़ाई की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं. जानें क्यों योजना के बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव है.

विज्ञापन

Chenari PM Shri School Rohtas : रोहतास जिले के चेनारी स्थित गंगोत्री प्रोजेक्ट बालिका +2 विद्यालय को केंद्र सरकार की पीएम श्री योजना में शामिल किया गया है, लेकिन विद्यालय की जमीनी स्थिति योजना के उद्देश्यों पर सवाल खड़े कर रही है. करीब 1500 छात्राओं की पढ़ाई महज आठ कमरों में कराई जा रही है, जबकि कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं की कक्षाएं दूसरे विद्यालय में संचालित करनी पड़ रही हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Sasaram News : 8 कमरों में 1500 छात्राएं, पढ़ाई पर असर

विद्यालय का संचालन फिलहाल अपने भवन में नहीं, बल्कि रामदुलारी गंगा इंटर स्तरीय विद्यालय परिसर में किया जा रहा है. लगातार बढ़ते नामांकन के बावजूद अतिरिक्त कमरों और आधारभूत संसाधनों की व्यवस्था नहीं हो सकी है. सीमित कमरों में कई कक्षाओं का संचालन होने से पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है.

अलग भवन नहीं, दूसरे स्कूल में लग रही कक्षाएं

स्थान की कमी के कारण कक्षा 6 से 8 तक की छात्राओं की पढ़ाई दूसरे विद्यालय में कराई जा रही है. गर्मी और बरसात के मौसम में छात्राओं और शिक्षकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

पीएम श्री योजना पर उठे सवाल

अभिभावकों का कहना है कि जब विद्यालय को पीएम श्री योजना में शामिल किया गया है, तो सबसे पहले पर्याप्त भवन, अतिरिक्त कक्ष और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए थीं. उनका कहना है कि केवल योजना में चयन होने से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव नहीं है.

जमीन है, लेकिन कोर्ट केस बना बाधा

स्थानीय समाजसेवियों ने बताया कि विद्यालय के पास भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध है, लेकिन उस जमीन को लेकर स्थानीय न्यायालय में मामला लंबित है. इसी कारण विद्यालय वर्षों से शिफ्ट में संचालित हो रहा है. लोगों ने जनप्रतिनिधियों से मिलकर भवन निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कराने की मांग की है.

शिक्षा विभाग को पहले भी भेजी जा चुकी है जानकारी

प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष राम ने बताया कि विद्यालय में छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन कमरे पर्याप्त नहीं हैं. वर्तमान में आठ कमरों में लगभग 1500 छात्राओं की पढ़ाई हो रही है. भवन और कमरों की कमी से संबंधित समस्या की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को पहले ही पत्राचार के माध्यम से दी जा चुकी है.

भवन के बिना अधूरा है योजना का सपना

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पीएम श्री योजना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है, लेकिन चेनारी का यह विद्यालय अब भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है. लोगों की मांग है कि जल्द भवन निर्माण कर छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाए.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन