रोहतास NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई कार, BSc नर्सिग छात्र की मौत, तीन गंभीर

Author Punit Kr Pandey|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन
सासाराम सदर अस्पताल में मृतक के परिजन व अन्य | Prabhat Khabar Network

सासाराम सदर अस्पताल में मृतक के परिजन व अन्य | Prabhat Khabar Network

रोहतास के NH-19 पर एक भीषण सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग के छात्र की जान चली गई. कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने से यह हादसा हुआ, जिसमें तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

विज्ञापन

Rohtas News : धौडाढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-19 पर लेरुआ पुल के समीप बुधवार की अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बीएससी नर्सिंग के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सुबह करीब चार बजे उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.

डेहरी से लौट रहे थे चारों दोस्त

मृतक की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के भद्रशीला गांव निवासी गौरी शंकर प्रसाद के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार मंगलवार की रात चारों युवक कार से डेहरी-ऑन-सोन में एक पार्टी में शामिल होने गए थे. पार्टी से लौटते समय लेरुआ पुल के समीप पेट्रोल पंप के सामने उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.

हादसे में कार के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे में अभिषेक कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर धौडाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा.

तीनों घायलों को वाराणसी किया गया रेफर

घायलों को पहले ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया. मृतक अभिषेक कुमार शेरशाह नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग का छात्र था.

गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही भद्रशीला गांव में शोक की लहर दौड़ गई. जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष?

धौडाढ़ थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि कार के डिवाइडर से टकराने के कारण एक युवक की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं. मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Punit Kr Pandey

लेखक के बारे में

By Punit Kr Pandey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन