रोहतास: दरी पर बैठकर 4 घंटे तक फरियाद सुनते रहे विधायक आलोक सिंह, जनता दर्शन में पहुंचे करीब 200 आवेदन
जनता से संवाद करते विधायक | Prabhat Khabar Network
दिनारा के विधायक आलोक कुमार सिंह ने जनता दर्शन कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
Rohtas News : स्थानीय विधायक आलोक कुमार सिंह ने रविवार को सिद्धि विनायक मैरिज हॉल में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं. बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी मांगों और शिकायतों से विधायक को अवगत कराया. विधायक करीब चार घंटे तक दरी पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते रहे और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया.
200 आवेदन लेकर पहुंचे फरियादी
जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 200 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें जमीन बंदोबस्ती, कुशहीं में ट्रांसफार्मर लगाने, बिक्रमगंज में प्रधानमंत्री के भ्रमण के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराये गये अल्पाहार के भुगतान, बभनौल में नाला पर स्लैब निर्माण, नहारीडिह में सामुदायिक भवन निर्माण और धरकंधा पथ पर पुल निर्माण की मांग शामिल रही.
सरकारी जमीन से कब्जा हटाने की भी मांग
फरियादियों ने बिहार सरकार की जमीन से अवैध कब्जा हटाने और जनवितरण प्रणाली की दुकान को दोबारा चालू कराने की मांग भी विधायक के सामने रखी. इसके अलावा बिजली आपूर्ति, पेयजल, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड और कृषि से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी लोगों ने आवेदन दिया.
कई मामलों का मौके पर कराया समाधान
विधायक आलोक कुमार सिंह ने संबंधित मामलों को गंभीरता से सुनने के बाद कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कराया. जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके शीघ्र निष्पादन का भरोसा फरियादियों को दिया गया.
‘जनता की समस्या का समाधान प्राथमिकता’
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है. क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याओं के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जायेगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अधिकारियों को समय सीमा में कार्रवाई का निर्देश
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाये और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाये. जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और फरियादी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










