सासाराम: चीनी से महंगा हुआ गुड़ तो शुरू हुआ मिलावट का खेल, बिक्रमगंज में फैक्ट्री पर प्रशासनिक टीम का छापा
गुड फैक्ट्री की जांच करते एसडीएम दिलीप कुमार | Prabhat Khabar Network
चीनी की तुलना में गुड़ के महंगे होने पर मिलावट की शिकायतें बढ़ गई हैं. बिक्रमगंज अनुमंडल प्रशासन ने एक गुड़ फैक्ट्री पर अचानक छापा मारकर जांच की, जहां खामियां पाई गईं.
Rohtas News: बाजार में चीनी की तुलना में गुड़ की कीमतें अधिक होते ही बड़े पैमाने पर मिलावट का खेल शुरू होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. वर्तमान में बाजार में चीनी जहां 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है, वहीं सामान्य गुड़ का भाव 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. कीमतों के इस भारी अंतर के बीच बिक्रमगंज अनुमंडल प्रशासन ने डेहरी रोड स्थित वीआईपी कॉलोनी में महादेव ट्रेडर्स के गुड़ कारखाने पर अचानक छापेमारी कर जांच-पड़ताल की.
वीआईपी कॉलोनी स्थित महादेव ट्रेडर्स में जांच
अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश पर गठित प्रशासनिक टीम ने शुक्रवार को कारखाने में दबिश दी. जांच के दौरान टीम ने गुड़ निर्माण की पूरी प्रक्रिया, कच्चे माल की गुणवत्ता, साफ-सफाई की स्थिति और भंडारण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. जांच दल को परिसर में कई गंभीर खामियां और मानकों की अनदेखी मिली, जिस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई.
त्योहारी सीजन में बढ़ी मिलावट की आशंका
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजार में गुड़ की मांग काफी बढ़ गई है. चीनी से अधिक भाव मिलने के कारण मुनाफाखोर 65 रुपये प्रति किलो में कथित रूप से मिलावटी गुड़ खपाने के प्रयास में जुटे हैं. प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कम दाम पर बिक रहे संदिग्ध गुड़ की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
संचालक को अल्टीमेटम, मानकों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
प्रशासनिक टीम ने संबंधित कारखाना संचालक को पाई गई सभी कमियों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गुड़ के उत्पादन, पैकेजिंग और भंडारण में खाद्य सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन अनिवार्य है. यदि तय समय-सीमा के भीतर सुधार नहीं किया गया और गुणवत्ता में मिलावट की पुष्टि हुई, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कड़ी दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए