रोहतास में सितंबर में होंगी 9वीं से 12वीं की परीक्षाएं, गोपनीय सामग्री की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग अलर्ट
फोटो कैप्शनः शेर शाह सूरी हाई स्कूल का मुख्य गेट. | Prabhat Khabar Network
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक व त्रैमासिक परीक्षा की गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
Rohtas News : रोहतास जिले में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक और त्रैमासिक परीक्षा 2026 को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं. परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और वितरण को लेकर समिति ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विशेष निर्देश जारी किया है. समिति ने स्पष्ट किया है कि गोपनीय सामग्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
आपके शहर में
18 से 26 सितंबर तक होगी 11वीं-12वीं की परीक्षा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सचिव की ओर से पत्रांक-केन्द्रीय (मा0)-753/24 के माध्यम से जारी पत्र के अनुसार कक्षा 11वीं की त्रैमासिक परीक्षा और कक्षा 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 18 सितंबर से 26 सितंबर तक संबंधित स्कूलों में आयोजित होगी. वहीं कक्षा 9वीं और 10वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 21 सितंबर से 23 सितंबर तक होगी.
7 से 15 सितंबर के बीच पहुंच सकती है गोपनीय सामग्री
परीक्षा के लिए आवश्यक गोपनीय सामग्री जिले में 7 सितंबर से 15 सितंबर के बीच गोपनीय एजेंसी के माध्यम से पहुंचने की संभावना है. गोपनीय मुद्रक के प्रतिनिधि से सामग्री प्राप्त करने के बाद एजेंसी के प्रतिनिधि को प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करनी होगी.
परीक्षा से पहले स्कूलों को मिलेगी सामग्री
जिला मुख्यालय में चिन्हित वितरण केंद्रों से संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापक या उनके द्वारा अधिकृत शिक्षक को परीक्षा शुरू होने की तिथि से पहले गोपनीय सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. सामग्री के भंडारण और वितरण के दौरान निर्धारित गोपनीयता प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करना अनिवार्य होगा.
गोपनीयता भंग हुई तो प्रधानाध्यापक होंगे जिम्मेदार
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री की गोपनीयता किसी भी परिस्थिति में भंग नहीं होनी चाहिए. इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की होगी. वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी को पूरी प्रक्रिया का लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया है.
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर जोर
समिति ने गोपनीय सामग्री के सुरक्षित वितरण के साथ परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सामग्री के पहुंचने से लेकर उसके वितरण और परीक्षा आयोजन तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाए, ताकि किसी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए